यहां ग्राम पंचायत के प्रधान पर लाखों रुपए गबन का आरोप

Tuesday, Aug 23, 2016 - 04:16 PM (IST)

चम्बा: हिमाचल प्रदेश में भरमौर विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आने वाली एक ग्राम पंचायत के पंचायत प्रधान पर लाखों रुपए का लाभ पहुंचाने का आरोप लगा है। उक्त पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपने पंचायत प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार को डी.सी. चम्बा को आर.टी.आई. के माध्यम से प्राप्त की गई सूचना के साथ शिकायत पत्र सौंपा।

पंचायत के सरन दास की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उनकी पंचायत में वर्ष 2011 से 2015 तक रहे प्रधान ने अपने उक्त कार्यकाल में पंचायत के विकास कार्यों में लाखों रुपए का गोलमाल किया है।

इसके लिए उक्त प्रधान ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी बिल निकाले हैं। ऐसे में जब पंचायत के विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार के बारे में उन्हें भनक लगी तो उन्होंने सूचना के अधिकार का प्रयोग करते हुए उक्त कार्यों के बारे में पूरा लेखा-जोखा मांगा। प्राप्त सूचना पर जब नजर दौड़ाई गई तो यह आभास हुआ है कि उनके मन में जो आशंका थी, वह सही थी।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक भ्रष्टाचार निर्माण सामग्री के रूप में हुआ है, जिसमें पत्थरों के बिलों का भुगतान सबसे अधिक शामिल है। उन्होंने कहा कि उक्त तत्कालीन प्रधान ने अपने पति व बेटे को निर्माण सामग्री के कार्य आबंटित किए और उन्हें लाखों रुपए का भुगतान किया। इससे यह आभास होता है कि उक्त प्रधान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। उन्होंने डी.सी. चम्बा से मांग की है कि वह इन सभी कार्यों की जांच करने के आदेश जारी करें।