मां तुझे सलाम: रंग लाई एक मां की मेहनत, बेटी ने कर दिखाया कमाल

Wednesday, Apr 27, 2016 - 01:35 PM (IST)

बिलासपुर: कहते हैं दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो कोई काम मुश्किल नहीं होता। कुछ ऐसा ही कर दिखाया बिलासपुर की प्रीति चंदेल ने। आपको बता दें कि जब प्रीति चंदेल 6 माह की थी, तो उनके पिता सुरेंद्र सिंह का निधन हो गया। पति की मृत्यु के बाद प्रीति और उनकी माता अनीता चंदेल पर दुखों का पहाड़ टूट गया, लेकिन उसकी माता अनीता चंदेल ने हिम्मत नहीं हारी।

उन्होंने एक निजी स्कूल में प्रीति को पढ़ाना शुरू किया, जहां उन्होंने कई वर्षों तक नौकरी की और बेटी के पालन-पोषण में कोई कमी नहीं आने दी। वहीं, प्रीति ने भी अपनी माता का साथ देते हुए जमकर पढ़ाई की और प्रदेश में अपना और अपनी मां का नाम रोशन किया है। सोमवार को घोषित हुए 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में विज्ञान संकाय में 486 अंक लेकर प्रीति चंदेल ने प्रदेश भर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

मम्मी ने बहुत कुछ किया मेरे लिए : प्रीति

सूत्रों के अनुसार वर्तमान में प्रीति की माता हमीरपुर जिला के रैली-जजरी में हेल्थ वर्कर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। प्रीति चंदेल को जन्म 25 फरवरी, 1999 में हुआ। शुरू से ही प्रीति पढ़ाई-लिखाई में आगे रही। इसके चलते स्कूल में हमेशा उसने पहला स्थान प्राप्त किया। कड़ी मेहनत और लगन के चलते ही प्रीति चंदेल ने दसवीं कक्षा में 681 अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। प्रीति चंदेल ने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनने का है। ताकि वह लोगों की सेवा करने सहित अपनी मम्मी का नाम रोशन कर सके। उन्होंने कहा कि मम्मी ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है।