बैल पूजन के साथ कहलूर ग्रीष्मोत्सव शुरू

Monday, May 30, 2016 - 12:52 AM (IST)

स्वारघाट: कहलूर व हंडूर रियासत के संगम स्थल बल्लियां में 5 दिवसीय द्वितीय कहलूर ग्रीष्मोत्सव मेले का रविवार को धूमधाम से आगाज हो गया। मेले में 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर ने मेला स्थल बल्लियां में खूंटा गाड़़कर व बैलों की जोड़ी का पूजन कर इस मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इससे पूर्व क्षेत्र के सैंकड़ों लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पैट्रोल पंप स्वारघाट से मेला स्थल बल्लियां तक शोभायात्रा निकाली। सिरों पर पगडिय़ां बांधे सैंकड़ों लोगों ने इस शोभायात्रा में भाग लिया। विभिन्न महिला मंडलों ने भी इस शोभायात्रा में शिरकत की।

 

मेले के पहले दिन महिला मंडल दगड़ाहण ने रोटियां पकावां नाले रोवां अम्मा जी, महिला मंडल मतनोह ने कैसा लगा गोरिये पहाड़ां दा बसणा, शिव शक्ति महिला मंडल धारभरथा ने गुरु जी पारिएं-पारिएं नी जायो, महिला मंडल दभेटा ने गिद्दा और महिला मंडल धनस्वाई ने वनों को बचाने हेतु नाटक के माध्यम से बेहतरीन प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।

 

मेले के इस शुभारंभ समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष अमरजीत सिंह बंगा, मेला कमेटी अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद, सचिव राजपाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह राणा, ललित डोगरा, जुखाड़ी पंचायत प्रधान राकेश कुमार, स्थानीय तहसीलदार जसपाल, टरवाड़ पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, खरकड़ी पंचायत प्रधान अशोक कुमार, री पंचायत के उपप्रधान मदन लाल, नयना देवी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर व एसडीओ लोक निर्माण विभाग अच्छर सिंह चौहान सहित कई गण्यमान्य लोगों ने भाग लिया।