''CM वीरभद्र ने जब से सत्ता संभाली है तब से प्रदेश में विकास पड़ा ठप्प''

Thursday, Apr 28, 2016 - 02:13 PM (IST)

बिलासपुर: जिला भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक बुधवार को परिधि गृह बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश गौतम ने की। बैठक में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संगठन सचिव संजीव कटवाल ने 4 मंडलों के अध्यक्षों से जानकारी ली। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं श्री नयनादेवी जी के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जब से सत्ता संभाली है तब से प्रदेश में विकास ठप्प पड़ा है। 


उन्होंने कहा कि भाजपा के समय शुरू की गई सारी विकास योजनाओं को प्रदेश कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री ने अपनी संपत्ति को बचाने को लेकर कोर्ट-कचहरियों में अपना कार्यकाल बीता दिया। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से पार्टी की जिला में चारों सीटों को जीतकर प्रदेश में भाजपा की सरकार का गठन सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा केंद्र की मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने का आग्रह भी किया। बैठक में झंडूता विधायक रिखीराम कौंडल ने नई कार्यकारिणी के सदस्यों को टिप्स दिए।