नयनादेवी में गुप्त नवरात्रे शुरू

Tuesday, Feb 09, 2016 - 09:54 PM (IST)

नयनादेवी: विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में गुप्त नवरात्रे शुरू हो गए। ये माघ मास शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रे हैं। सुबह की आरती के साथ नवरात्रे शुरू हुए। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और विभिन्न प्रदेशों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुप्त नवरात्रों के दौरान मां के दरबार पहुंचे और दर्शन करके मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन उपलक्ष्य पर श्रद्धालुओं ने प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं और हवन-यज्ञ किया।

 

वर्ष भर में शक्तिपीठों पर 4 नवरात्रे मनाए जाते हैं जिनमें चैत्र के नवरात्रे, आश्विन नवरात्रे और 2 गुप्त नवरात्रे जिनमें माघ मास और आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्रे शामिल हैं। पुजारी नीलम शर्मा ने बताया की प्राचीन काल से ही ऋषि मुनियों और साधु-संतों ने अपनी पूजा-अर्चना के लिए इन्हें गुप्त रखा था इसलिए इन्हें गुप्त नवरात्रे कहा जाता है। इन नवरात्रों में जो श्रद्धालु मां की पूजा-अर्चना करते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं जबकि मंदिर अधिकारी जसपाल ने बताया कि गुप्त नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धालु आराम से लाइनों में मां के दर्शन कर रहे हैं।