लद्दा में एक मकान ध्वस्त दूसरे की दीवार गिरी

Monday, Aug 22, 2016 - 01:11 AM (IST)

बिलासपुर: घुमारवीं उपमंडल की लद्दा पंचायत में शनिवार रात पाल सिंह पुत्र रघु राम का रिहायशी मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। यह हादसा रात करीब अढ़ाई बजे हुआ। हादसे के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सब लोग अपने नए मकान में थे, वरना हादसे का मंजर भयानक होता। इस मकान के गिरने से साथ बने कौशल्या देवी के मकान को भी भारी क्षति पहुंची और कौशल्या देवी के मकान की एक दीवार गिर गई जबकि शेष मकान के गिरने का खतरा भी बना हुआ है। 
 
इस हादसे के समय कौशल्या देवी और उसकी जेठानी घर में ही थी। घर की दीवार गिर जाने के बाद उन्होंने डर के मारे सारी रात घर से बाहर ही गुजारी। पाल सिंह व कौशल्या देवी ने इस हादसे की सूचना ग्राम पंचायत प्रधान अंजना धीमान और पटवारी राजेश को दी। सुबह पंचायत प्रधान व पटवारी ने मौके पर पहुंच कर नुक्सान का जायजा लिया तथा फौरी राहत के रूप में प्रशासन द्वारा कौशल्या देवी को एक तिरपाल दी गई।
 
पंचायत प्रधान अंजना धीमान, राव वार्ड सदस्य तारा देवी और हलवाड़ी वार्ड सदस्य सोनिया कुमारी ने विभाग से मांग की है कि दोनों पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। पटवारी राजेश ने बताया कि पाल सिंह के मकान का करीब 2 लाख और कौशल्या देवी के मकान का करीब 1 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन हुआ है, जिसकी रिपोर्ट तुरंत उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।