हिमाचल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मिले इतने करोड़ रुपए

Saturday, Oct 22, 2016 - 10:44 PM (IST)

बिलासपुर: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश को 301 करोड़ 89 लाख रुपए की राशि इस वित्तीय वर्ष में अनुमोदित कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा में 200 बिस्तरों का नया मातृ-शिशु स्वास्थ्य विंग बनाया जा रहा है। इसी प्रकार मैडीकल कालेज नाहन और सिविल अस्पताल नूरपुर में भी 50-50 बिस्तरों के मातृ-शिशु स्वास्थ्य विंग स्थापित किए जाएंगे। इस पर 60 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।


नड्डा ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल शिमला और जोनल अस्पताल मंडी में मातृ-शिशु स्वास्थ्य विंग स्थापित करने के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मैडीकल कालेज नाहन, हमीरपुर, चंबा, मंडी और शिमला में तृतीय परिचर्या केंद्र, 5 ट्रामा सैंटर और 4 बर्न यूनिट बनाने के लिए पर्याप्त धन राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई धन राशि को समय पर खर्च करने का आग्रह किया है तथा नि:शुल्क औषधि पहल और नि:शुल्क डायलिसिस कार्यक्रम के लिए स्वीकृत राशि को समय पर खर्च करने का आग्रह किया है।


नड्डा ने कहा  कि उनका मंत्रालय प्रदेश में स्वास्थ्य परिचर्या सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने अपने क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी  विभिन्न योजनाओं के बारे में केंद्रीय मंत्री से विस्तृत चर्चा की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मातृ-शिशु स्वास्थ्य विंग व सिविल अस्पताल घुमारवीं में आईपीडी भवन को अनुमोदित कर दिया गया है।


इसी प्रकार हमीरपुर में बन रहे मैडीकल कालेज के लिए 36 करोड़ 6 लाख रुपए, हमीरपुर के जिला अस्पताल में ट्रामा सैंटर बनाने के लिए 2 करोड़ 75 लाख रुपए तथा हमीरपुर में बन रहे हर्बल यूनिट के लिए 1 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत पडऩे वाले बिलासपुर व हमीरपुर जिला की यह मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष कुछ समय पहले रखी थीं। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री का इसके लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य शिक्षा में किए जा रहे अथक प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा भी की।