झील में नहाते समय छाती में उठा दर्द और फिर.....

Sunday, Sep 25, 2016 - 08:12 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर स्थित कंदरौर पुल के समीप गोबिंद सागर झील में नहाते समय एक युवक अचानक झील में डूब गया। हादसा रविवार दोपहर बाद करीब 3 बजे हुआ। युवक की पहचान चमेल सिंह (24) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी कंदरौर के रूप में हुई है। हादसे के समय युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ झील में तैराकी कर रहा था।


जानकारी के अनुसार इस युवक ने तैरते समय अपने दोस्तों से अचानक छाती में दर्द होने की बात कही। जब तक दोस्तों में से कोई कुछ कर पाता तब तक यह युवक झील में डूब गया जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। अन्य युवकों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी वहां पहुंचे। वहीं सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।


ग्रामीणों व पुलिस ने युवक को तलाशने की हरसंभव कोशिश की लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल पाया।  बताया जा रहा है कि उक्त युवक चंडीगढ़ में किसी बैंक में काम करता था जो इन दिनों छुट्टी पर घर आया था। एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर भेज दिया गया था। अभी तक झील में डूबे युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।