जन्मतिथि प्रमाण पत्र में धोखाधड़ी, 2 गिरफ्तार

Saturday, Feb 13, 2016 - 09:32 PM (IST)

घुमारवीं: पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कोठी में घटित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें अदालत से जमानत मिल गई। बताते चलें कि मामले का आरोपी वर्ष 2002 में ग्राम पंचायत कोठी में सचिव पद पर कार्यरत था। उस समय सचिव ने एक महिला को जन्मतिथि प्रमाण पत्र जारी किया था। अब उक्त महिला दूरभाष केंद्र घुमारवीं में बतौर सफाई कर्मचारी कार्यरत है। इस महिला की जन्म तिथि को लेकर उसी के परिवार के एक सदस्य ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने अपनी छानबीन आगे बढ़ाई।

 

पुलिस ने महिला की जन्मतिथि से संबंधित कोठी पंचायत व बीएसएनएल का रिकार्ड अपने कब्जे में ले लिया। महिला की जन्मतिथि पंचायत रिकार्ड में मई, 1949 थी जबकि महिला ने जो जन्मतिथि प्रमाण पत्र अपनी नौकरी के समय दिया था, वह 7 मई, 1964 का था। मामले के आरोपी सचिव ने यह प्रमाण पत्र जारी किया था। इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

 

फरवरी 2015 में दर्ज हुआ था मामला
यह मामला फरवरी, 2015 में दर्ज हुआ था। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान आरोपी के हस्ताक्षर मैजिस्टेट्र के समक्ष लिए। पुलिस ने हस्ताक्षर व लिखाई के नमूनों को एफ.एस.एल. लैब को भेजा। लैब की रिपोर्ट के अनुसार प्रमाण पत्र आरोपी सचिव द्वारा हस्ताक्षरित पाया गया। पुलिस ने आरोपी सचिव व महिला को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी अनिल शर्मा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को जमानत पर छोड़ दिया।