3 माह से गैस सप्लाई बंद, लोग परेशान

Sunday, Nov 29, 2015 - 12:09 PM (IST)

बिलासपुर: घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों हवाण व सरयून-चलैहली में घरेलू गैस की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन ग्राम पंचायतों में सिविल सप्लाई द्वारा गैस की सप्लाई की जाती है। ग्राम पंचायत हवाण के निवासियों विपन, रमेश कुमार, काकू, निक्कूराम, लेखराम, कुलदीप सिंह तथा ग्राम पंचायत सरयून-चलैहली के निवासियों प्रेम सिंह धीमान, सुरेश शर्मा, प्रकाश शर्मा, संजय कुमार, दौलतराम व प्रेमलाल आदि ने बताया कि उन्हें अंतिम बार 28 अगस्त को घरेलू गैस की आपूर्ति हुई थी। 


उन्होंने बताया कि 3 माह से गैस की आपूर्ति नहीं हुई है। जिस कारण स्कूलों में मिड-डे मील बनाने में कर्मचारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा इस क्षेत्र के अंतर्गत पडऩे वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिकाओं को नन्हे-मुन्ने बच्चों को पौष्टिक आहार बनाने के लिए लकडिय़ां इकट्ठी कर इसे चूल्हे पर बनाना पड़ रहा है। गृहणियों चम्पा देवी, संतोष कुमारी, अंजना देवी, सुरेखा व कृष्णा देवी आदि ने बताया कि उन्हें चूल्हे पर भोजन बनाने में काफी समय लग रहा है। जिस कारण बच्चों को पढ़ाने व उन्हें स्कूल के लिए तैयार करने के लिए समय नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने डी.सी. बिलासपुर मानसी सहाय ठाकुर से मांग की है कि उनके गांवों के लिए घरेलू गैस की सप्लाई तुरंत करवाई जाए और पिछले 3 महीने से किन कारणों से गैस की सप्लाई नहीं हुई है। इसकी छानबीन करवाई जाए।