महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Thursday, May 26, 2016 - 10:10 PM (IST)

घुमारवीं: पुलिस थाना भराड़ी के तहत पडऩे वाली ग्राम पंचायत डंगार के गांव दख्यूत में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुषमा देवी की शादी गांव दख्यूत में हुई थी। महिला का पति आईटीबीपी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि महिला की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई। पुलिस में मायके वालों की शिकायत पर मृतका के पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ  दहेज उत्पीडऩ व आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

 

महिला की मौत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में हुई। इसके बाद महिला का शव गांव दख्यूत लाया गया। महिला का मायका साथ लगते गांव बेहड़ा में है। मृतका के भाई रामपाल ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन के साथ ससुराल वाले मारपीट करते थे तथा मानसिक रूप से भी प्रताडि़त करते थे। रामपाल का आरोप है कि उसकी बहन को जहर देकर मारा गया है। मायके वाले मृतका के ससुराल वालों को गिरफ्तार करने के लिए अड़े रहे। सुषमा के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद गांव दख्यूत लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

 

भराड़ी पुलिस थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ  दहेज उत्पीडऩ व आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए व 306 के तहत दर्ज कर लिया है।