पंजाब में माफिया राज : आशा कुमारी

Tuesday, Jul 26, 2016 - 09:09 PM (IST)

बिलासपुर: पंजाब चुनाव प्रभारी एवं कांग्रेस कार्य समिति सदस्य व विधायक आशा कुमारी ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी। बिलासपुर में निजी कार्यक्रम में भाग लेने आई आशा कुमारी ने यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार ने सोने की चिडिय़ा कहे जाने वाले पंजाब को गर्त में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मौजूदा समय ड्रग, खनन, ट्रासंपोर्ट और केबल माफिया का राज चला हुआ है।

 

आशा कुमारी ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भी अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी और वीरभद्र सिंह 7वीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में शिक्षा, सड़क व स्वास्थ क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है।

 

प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार के बेहतर मौके उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वैदिक स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पद भरे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार टीजीटी सहित अन्य पदों को भर रही है। इसके अतिरिक्त दूरदराज के क्षेत्रों में विभिन्न विभागों में चल रहे रिक्त पदों को भरा जा रहा है। इस अवसर पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।