भारी बारिश का कहर जारी, बिलासपुर में ढहा 2 मंजिला मकान

Monday, Aug 22, 2016 - 12:26 PM (IST)

बिलासपुर : हिमाचल में बिलासपुर जिले के दगड़ाहण गांव में शनिवार को भारी बारिश होने के कारण रविवार सुबह एक स्लेटपोश 2 मंजिला मकान ढह गया।

जानकारी के मुताबिक जब यह हादसा हुअा उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य नए मकान में सोए हुए थे। तहसीलदार स्वारघाट जसपाल ने मौके पर जाकर हल्का पटवारी को नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए है, जबकि पीडि़त परिवारों को प्रशासन की तरफ से किसी प्रकार की सहायता राशि नहीं दी गई है।

वहीं दूसरी ओर टिक्कर गांव के समाज सेवक भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे दगड़ाहण गांव के 2 भाइयों विजय पाल व बालक राम पुत्र स्व. ज्योति राम का 2 मंजिला स्लेटपोश मकान अचानक ढह गया। जब मकान गिरा तो उस समय परिवार के सदस्य व अन्य ग्रामीण अभी सोए हुए थे। गनीमत यह रही कि उस समय कोई भी मकान के अंदर व आस-पास नहीं था अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था।

मकान गिरने की सूचना मिलते ही टाली-जकातखाना पंचायत के प्रधान रूप लाल ठाकुर, उपप्रधान कुलदीप सिंह, बी.डी.सी. सदस्या इंदिरा ठाकुर व समाजसेवी भूपेंद्र सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में परिवार की सहायता की। मकान गिरने से कमरों में रखा सारा सामान मलबे के नीचे दब गया है। परिवारवालों की मानें तो मकान ढहने से लगभग 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।