सड़क हादसे में 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2017 - 07:09 PM (IST)

शिमला : थाना कोटखाई के तहत पड़साई में एक पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इस हादसे में 3 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 2 व्यक्ति नेपाली मूल के जबकि 1 सहारनपुर (यू.पी.) से संबंध रखता है। इस हादसे में एक व्यक्ति को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे आई.जी.एम.सी. रैफर किया गया है। घायल हुए तीनों व्यक्तियों की पहचान 30 वर्षीय नीरज, 18 वर्षीय अनिल कुमार व 25 वर्षीय जितेंद्र उर्फ अजय के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एक पिकअप (एच.पी.-10, 8799) कोटखाई से शिमला सब्जी मंडी की ओर आ रही थी। इसी बीच पड़साई के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना पुलिस को 108 कंट्रोल रूम के माध्यम से दी गई। दुर्घटना में हुए घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां 1 व्यक्ति की नाजुक हालत को देखते हुए उसे शिमला आई.जी.एम.सी. रैफर किया गया है। पुलिस के अनुसार गाड़ी को जितेंद्र उर्फ अजय चला रहा था व तेज रफ्तार के चलते यह हादसा पेश आया है। एस.पी. शिमला डी.डब्ल्यू. नेगी ने मामले की पुष्टि की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News