पशु चराने गईं 2 लड़कियों को ये गलती पड़ी महंगी, मिली दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Sunday, Jan 14, 2018 - 09:23 PM (IST)

थुरल: थुरल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सन्हूं में 2 लड़कियों द्वारा एक साथ कोई जहरीला पदार्थ निगल लेने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत सन्हूं के गांव भटेड़ (फगूरता) की शिवानी (21) पुत्री सूंका राम जो पालमपुर में आई.टी.आई. कर रही थी तथा दूसरी लड़की कोमल (17)  पुत्री रणजीत सिंह जो 11वीं की छात्रा है। दोनों लड़कियां रविवार के दिन गांव के साथ लगती घासनी में अपने पशुओं को चराने ले गईं थीं। इस दौरान वहां पर उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिससे वे दोनों बेहोश हो गईं। जब काफी देर तक वे दोनों घर नहीं पहुंचीं तो उनकी एक बहन सविता उन्हें ढूंढती हुई घासनी तक पहुंची, जहां उसने दोनों लड़कियों को बेहोशी की हालत में पाया।

लड़कियों ने किया था रीठे का सेवन
सविता केपूछने पर एक ने कहा कि हमने रीठे (डोडे) का सेवन किया है और अब हालत ठीक नहीं है। सविता ने तुरंत इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। बेहोशी की हालत में परिजन दोनों लड़कियों को सिविल अस्पताल थुरल ले गए, जहां उपचार के दौरान शिवानी की मौत हो गई जबकि दूसरी लड़की कोमल को टांडा अस्पताल रैफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस थाना थुरल के एस.एच.ओ. ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि उक्त घटना गंभीर थी तथा लड़कियों ने कौन से जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसका पता तो पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। बरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया तथा कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News