विस चुनावों में BJP के चेहरे पर महिला मोर्चा अध्यक्ष ने दिया यह बयान

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 01:18 AM (IST)

हमीरपुर: प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश में आगामी विस चुनावों में भाजपा का चेहरा कौन होगा इसका फैसला भाजपा हाईकमान करेगी लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन की भावनाओं को देखकर जल्द ही हाईकमान चेहरा घोषित कर देगी। प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी सुजानपुर विस क्षेत्र में महिला भाजपा के सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत पंजाब केसरी से विशेष बातचीत कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में महिला मोर्चा का 14वां सम्मेलन आयोजित किया गया तथा इससे सैंकड़ों की तादाद में महिलाएं बारिश के बावजूद पहुंची थीं। इसका श्रेय सुजानपुर महिला मोर्चा की अध्यक्ष और संगठन को जाता है।

महिला आरक्षण पर जल्द कानून लाएगी मोदी सरकार
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिला आरक्षण पर जल्द ही कानून लोकसभा में लाएगी तथा महिलाओं को विस और लोकसभा चुनावों में जरूर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में भाजपा की धूमल सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर इसकी शुरूआत कर दी है। यही कारण है कि आज प्रदेश में 60 प्रतिशत महिलाएं पंचायतों व निकायों में चुनकर आई हैं। 

महिला सशक्तिकरण के लिए वचनबद्ध है भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण के लिए वचनबद्ध है, जिसके चलते भाजपा में महिलाओं को संगठन में भी बड़े ओहदे मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने भी आगामी विस चुनावों में प्रत्येक मंडल से टिकट के पैनल में महिला प्रत्याशी का नाम भेजने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस विस क्षेत्र में महिला सशक्त होगी उस क्षेत्र से उसे ही टिकट दिया जाएगा।

पुतला जलाते समय हुई पुलिस से झड़प
इस दौरान सुजानपुर शहर में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला भी जलाया गया। इस दौरान पुलिस के साथ महिलाओं की झड़प भी हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News