वीरभद्र एक नहीं 3 सीटों पर लड़ लें चुनाव, तब भी हार निश्चित : अनुराग

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2017 - 09:31 PM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर के गांधी चौक में माफिया राज हटाओ प्रदेश बचाओ की हमीरपुर मंडल की रैली में सांसद लै. अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह एक नहीं 3 जगहों से आगामी विस चुनाव लड़ लें तब भी उन्हें कहीं से जीत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह कभी ग्रामीण शिमला से चुनाव लडऩे की बात करते हैं तो कभी और दूसरी जगह से लेकिन सच्चाई यह है कि वीरभद्र सिंह कहीं से भी चुनाव नहीं जीत सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को 3 वर्ष होने वाले हैं लेकिन इन 3 वर्षों में एक भी घोटाला नहीं हुआ। अब तो जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी यह कह रहे हैं कि विपक्षी पार्टियां 2019 को भूल जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में निचले हिमाचल से भेदभाव के चलते कांग्रेस का सत्ता से बाहर जाना तय है तथा प्रदेश में भाजपा 60 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड अब तक सबसे कमजोर बोर्ड साबित  
बी.सी.सी.आई. के पूर्व अध्यक्ष एवं एच.पी.सी.ए. के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड को अब तक सबसे विफल व कमजोर बोर्ड करार दिया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सी.ए.) के प्रमुख द्वारा दिए गए बयान में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का मजाक उड़ाया गया कि विराट को माफी लिखना भी नहीं आता, इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बी.सी.सी.आई. को इस बारे कड़ा संज्ञान लेना चाहिए था लेकिन बोर्ड में बैठे अधिकारी चुप बैठे रहे। उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी भी बी.सी.सी.आई. इतना कमजोर नहीं था। उन्होंने कहा कि बी.सी.सी.आई. को एक भी रुपया आई.सी.सी. को नहीं देना चाहिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News