ड्यूटी के दौरान नशे में टल्ली मिला ट्रैफिक पुलिस कर्मी, मिली ये सजा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2018 - 09:33 PM (IST)

शिमला: नशे को लेकर जहां पुलिस प्रशासन लोगों को बर्दाश्त नहीं कर रही है, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा अपने स्टाफ को भी नहीं बख्शा जा रहा है। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शिमला के उपनगर ढली टनल के पास नशे की हालत में ड्यूटी देने पर एक ट्रैफिक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। कांस्टेबल के खिलाफ ड्यूटी के समय नशे में होने की शिकायत एस.पी. ऑफिस को मिली थी। शिमला पुलिस प्रशासन ने लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेकर शाम करीब 5 बजे डी.एस.पी. सिटी को मौके पर भेजा। इस दौरान उक्त कांस्टेबल नशे में पाया गया। 

कैथू पुलिस लाइन भेजा कांस्टेबल
कांस्टेबल के नशे में पाए जाने की डी.एस.पी. की रिपोर्ट के बाद एस.पी. ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे ड्यूटी से तत्काल हटा दिया और कैथू पुलिस लाइन भेज दिया। ढली टनल में ट्रैफिक में अन्य जवान की ड्यूटी लगा दी गई है। ढली में टनल के दोनों तरफ ट्रैफिक को रैगुलेट करने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं ताकि टनल में वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चलती रहे। 

लोगों की सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर 
पुलिस अधीक्षक शिमला ओमापति जम्वाल ने बताया कि ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल को नशे में ड्यूटी देने पर लाइन हाजिर किया गया है। अगर कोई पुलिस कांस्टेबल नशे की हालत में ड्यूटी देगा तो उसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। लोगों की सहायता के लिए पुलिस हमेशा तैयार है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News