ये अस्पताल चल रहा सिर्फ एक डॉक्टर के सहारे, जानिए इसके पीछे की वजह

punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2017 - 01:20 PM (IST)

चिंतपूर्णी : सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी इन दिनों स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। सूत्रों की मानें तो अस्पताल का कुछ स्टाफ ऊना तथा कुछ अम्ब डैपुटेशन पर लगाया गया है। यहां मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि संबंधित विभाग आंखें मूंदकर  बैठा हुआ है। सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी क्षेत्र की लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों का इकलौता अस्पताल है। आसपास के दर्जनों गांवों के मरीज यहां उपचार के लिए आते हैं। सी.एम.ओ. डा. प्रकाश दड़ोच ने माना कि चिंतपूर्णी के सिविल अस्पताल में स्टाफ की कमी है।

अस्पताल में हैं 4 स्टाफ नर्सों की तैनाती
सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में सरकार द्वारा 5 चिकित्सकों की तैनाती की गई है। वर्तमान में यहां मात्र एक चिकित्सक अस्पताल की व्यवस्था देख रहा है। दूसरे चिकित्सक डैपुटेशन पर यहां लगाए गए हैं। अस्पताल में 4 स्टाफ नर्सों की तैनाती की गई है जबकि संबंधित विभाग 2 स्टाफ नर्सों को ऊना अस्पताल में ड्यूटी के लिए बुलाया गया है। एक वार्ड सिस्टर भी ऊना स्थित अस्पताल में बुलाई गई है। इसके अलावा यहां से एक क्लर्क को अम्ब स्थित अस्पताल में भेजा गया है।

शीघ्र बुलाई जाएंगी स्टाफ नर्सें
विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मामले की छानबीन की जाएगी कि सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी का स्टाफ ऊना कैसे भेजा गया। उन्होंने कहा कि स्टाफ नर्सों को शीघ्र चिंतपूर्णी बुलाया जाएगा।  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News