इन दो मंत्रियों का हर्षवर्धन पर पलटवार, बोले- अभी तक हार से नहीं उभर पाई कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Feb 19, 2018 - 09:14 AM (IST)

शिमला: शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज तथा वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कर्मचारियों के तबादलों को लेकर कांग्रेस महासचिव हर्षवर्धन चौहान के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। दोनों मंत्रियों ने यहां जारी संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राज्य में वन माफिया, खनन माफिया, नशा माफिया या फिर तबादला माफिया सक्रिय रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों ने 10 हजार डी.ओ. अनुमोदित करने की बात को सरासर झूठ व बेबुनियाद कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की तरफ से बताई गई डी.ओ. की संख्या निराधार है तथा अधिकांश तबादले जन समस्याओं से जुड़े होते हैं। 


उन्होंने कहा कि तथ्यों की जांच के बिना इस प्रकार की बयानबाजी करना कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस अभी तक इस हार से उभर नहीं पाई है और अनाप-शनाप बयानबाजी में लगी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में कई लोगों ने तबादलों को धंधा बनाकर रखा था, जिससे कर्मचारी परेशान थे। इसी तरह राजनीतिक द्वेष में भी हजारों कर्मचारियों को बदला गया। 


दोनों मंत्रियों ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में किए जा रहे अधिकारियों व कर्मचारियों के अधिकांश तबादले पहले से ही राज्य सरकार के विचाराधीन थे। तबादलों के लिए मुख्यमंत्री की अनुशंसा प्राप्त की जा रही है। वहीं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने भी कांग्रेस नेताओं की तरफ से सांसद जवाब दो और सांसद निधि के बारे में चलाए जा रहे अभियान के लिए विपक्ष की आलोचना की है। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आज तक जनता को कभी जवाब नहीं दिया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News