Watch Pics : बर्फबारी से 167 सड़कों पर थमी वाहनों की रफ्तार, 300 से ज्यादा रूट प्रभावित

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2018 - 07:02 PM (IST)

शिमला: प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में 2 दिन से हो रही बर्फबारी के बाद 2 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 167 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। इससे प्रदेश में 300 से ज्यादा बस रूट प्रभावित हुए हैं। मंगलवार को हुए ताजा हिमपात से मंडी जोन में सबसे ज्यादा 83 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। शिमला जोन में 51 सड़कें और चम्बा में 14 सड़कों पर हिमपात के कारण वाहनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है। बर्फबारी के बाद कुछ क्षेत्रों का जिला मुख्यालय और समूचे प्रदेश से संपर्क कट गया है। इससे ज्यादा परेशानी मरीजों और प्रसूति के लिए महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में हो रही है। बर्फ बहुल क्षेत्रों में सड़कें अवरुद्ध होने से दैनिक उपभोग की खाद्य सामग्री दूध, बै्रड व पनीर इत्यादि की सप्लाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
PunjabKesari
करसोग में 21 सड़क मार्ग अवरुद्ध
लोक निर्माण विभाग इन सड़कों को जल्द यातायात के लिए खोल देने के दावे कर रहा है लेकिन यह तभी संभव हो पाएगा यदि बर्फबारी का सिलसिला रुक जाए। प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में 2 दिन से रुक-रुक कर हिमपात जारी है। इससे सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। शिमला जोन के कड़छम में 4, कल्पा में 3 , काजा में 11, रामपुर में एक, कुमारसैन में एक, रोहड़ू में 27, चौपाल में 14 और डोडराक्वार में एक सड़क बर्फबारी के कारण बंद पड़ी है। मंडी जोन के तहत मंडी में 13, गोहर में 32, करसोग में 21 और बंजार में 17 सड़कें, चम्बा के डल्हौजी में 4, सलूणी में 6, तीसा में 4 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं।
PunjabKesari
एन.एच.-5 नारकंडा में 2 दिन से बंद 
बर्फबारी के कारण एन.एच.-5 नारकंडा में 2 दिन से बंद पड़ा है। एन.एच. डिवीजन पंडोह में भी एक राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण बंद होने की सूचना है, वहीं कुफरी में दोपहर बाद कुछ वाहन चलने शुरू हो गए थे। इसी तरह चौपाल के खिड़की और रोहड़ू के खड़ापत्थर में भी हिमपात के कारण सड़कें अवरुद्ध पड़ी हंै। लोक निर्माण विभाग के 1200 के करीब कर्मचारी, 3 दर्जन जे.सी.बी. व स्नो कटर बर्फ को हटाने में जुटे हुए हैं। 
PunjabKesari
बर्फ हटाने में जुटा विभाग
बता दें कि बीते सोमवार को बर्फबारी के बाद 37 सड़कें बंद हुई थीं। इनमें ज्यादा सड़कें शिमला जिला की थीं लेकिन मंगलवार को ताजा हिमपात के बाद मंडी जोन में ज्यादा सड़कें बंद हुई हैं। पी.डब्ल्यू.डी. के प्रमुख अभियंता आर.पी. वर्मा के मुताबिक बुधवार शाम तक ज्यादातर सड़कें बहाल कर दी जाएंगी। विभाग अपनी मशीनरी और निजी मशीनरी हायर करके बर्फ हटाने में जुटा हुआ है।
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News