गायब कैदी गोवा में गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 21, 2017 - 12:08 AM (IST)

शिमला : कंडा जेल से आजीवन कारावास की सजा काट रहा फरार कैदी गोवा में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की कार्रवाई में कैदी की लोकेशन गोवा में पाई गई थी। ऐसे में कैदी को पकडऩे के लिए शिमला पुलिस की एक टीम गोवा रवाना हुई है। हालांकि पुलिस की टीम वापस शिमला नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि गोवा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। अब जल्द ही पुलिस कैदी को शिमला लाएगी। सूत्रों से पता चला है कि कैदी अपनी गर्लफै्रंड के साथ गोवा में घूम रहा था। यहां तक पुलिस ने कैदी का बैंक खाता जानबूझकर फ्रीज नहीं किया था, ताकि खाते से पैसे निकालते समय लोकेशन का पता चल सके। पुलिस को भी यही कामयाबी हाथ लगी और जैसे ही कैदी ने गोवा में ए.टी.एम. से पैसे निकलवाए तो इसका अलर्ट पुलिस को मिल गया और तुरंत ही गोवा पुलिस से संपर्क साधकर कैदी पकड़ा गया। 

लुकआऊट नोटिस भी जारी किया था
उल्लेखनीय है कि कैदी शिमला के पुराना बस स्टैंड से गायब हुआ था। हालांकि पुलिस ने कैदी दर्शन कुमार के खिलाफ लुकआऊट नोटिस भी जारी किया था। जिस दिन कैदी गायब हुआ है, पुलिस उसी दिन से छानबीन कर रही थी। यह कैदी जेल की बेकरी में बनने वाले उत्पादों को शिमला में बेचता था। कैदी शिमला के पुराना बस स्टैंड के पास से फरार हुआ है। पुलिस की तरफ  से कैदी को ढूंढने के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी भी की गई थी। कैदी शिमला के कृष्णानगर का रहने वाला है और हत्या के जुर्म में 2012 से कंडा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। यह कैदी समरहिल व मालरोड पर कैंटीन चला रहा था। जगह-जगह पर बेकरी की चीजें भी बेचता था और कुछ जगह पर अपनी कैंटीन भी लगाई थी। यह धारा 302 यानी मर्डर मामले में शामिल है और कंडा जेल में सजा काट रहा था। 

इटावा में गायब हुआ कैदी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर 
कंडा जेल के 2 कैदी फरार चल रहे थे। एक इटावा में भी कैदी गायब हुआ है। उल्लेखनीय है कि बीते महीने शिमला से इटावा ले जाया जा रहा कैदी चलती ट्रेन से कूद गया था। यह उत्तर प्रदेश के इटावा में गायब हुआ था। झांसी निवासी कैदी विजेंद्र सिंह डकैती और हत्या के मामलों में पिछले 9 महीने से कंडा जेल में सजा काट रहा था। शिमला पुलिस टीम कैदी को यू.पी. के कोर्ट पेश करने ले जा रही थी। पुलिस ने इसको ढूंढने के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी है और जल्द ही इसका भी सुराग लग सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News