शांता ने दी नसीहत, कहा-जोश में संयम और अनुशासन न भूलें कार्यकर्ता

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 02:07 AM (IST)

नूरपुर: कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र के लिए भाजपा द्वारा मिनी परिवर्तन रथ यात्रा का शुभारंभ नूरपुर से सांसद शांता कुमार ने हरी झंडी देकर किया। उन्होंने 17 रथों को कांगड़ा-चम्बा के 17 विस क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने राणा फ ार्म में कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने इस बार चुनावों के लिए बहुत बड़ी तैयारी की है। पूरे प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। यदि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी शक्ति से एक होकर चुनावों के लिए डटे रहे तो कांग्रेस को प्रदेश में अपना नाम बचाना मुश्किल हो जाएगा। सीटें गिनने का काम फिर कांग्रेस करेगी कि कितनी बची हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि इस जोश में संयम और अनुशासन भी न भूलें। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी का इस समय स्वर्णिम युग चल रहा है, ऐसा युग पहले कभी नहीं आया। भाजपा कार्यकर्ताओं के पास अब मौका है कि वे देश को बदल सकते हैं, देश को खुशहाल बना सकते हैं। देश को शहीदों के सपनों का भारत बनाने का अवसर है। 

आज 19 करोड़ की आबादी भुखमरी की कगार पर
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कारण आज 19 करोड़ की आबादी भुखमरी की कगार पर है। दुनिया में सबसे ज्यादा भूखे लोग भी भारत में हैं और अमीर लोग भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसी गुटबाजी को छोड़कर भाजपा को मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि हम सब पार्टी के सिपाही हैं, किस सिपाही को किस मोर्चे पर खड़ा करना है, यह सिर्फ  पार्टी हाईकमान का काम है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में भी जाएं, वहां कार्यकत्र्ता कम और उम्मीदवार ज्यादा दिखाई देते हैं। हर व्यक्ति अपने-अपने तिगड़म में लगा है, अपनी-अपनी ढफ ली बजाय जा रहा है। यह सब भूल कर सिर्फ  पार्टी का प्रचार करें। पार्टी जीती तो हम सब जीत जाएंगे, यह भाव पार्टी के कार्यकर्ताओं में होना चाहिए। 

नेताओं का स्वागत करते समय कार्यकर्ताओं में अनुशासन होना चाहिए
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कड़े शब्दों में कहा कि नेताओं का स्वागत करते समय कार्यकर्ताओं में अनुशासन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक पंक्ति में व्यवस्था के साथ खड़े होकर स्वागत करने में क्या बुराई है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ा नेता हिमाचल में आता है तो मैं सबसे पीछे रहता हूं। भीड़ में नहीं जाता।  

निकम्मी प्रदेश सरकार से लोग दुखी
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में लोग भ्रष्ट और निकम्मी प्रदेश सरकार से दुखी हैं। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को कहा कि प्रदेश में रथ यात्रा के सफल होने के बाद भाजपा हाईकमान ने मिनी रथ यात्रा का श्रीगणेश किया है जिसके तहत कांगड़ा-चम्बा लोस क्षेत्र के 17 विस क्षेत्रों के लिए 1-1 हाईटैक रथ भेजा जाएगा। इस अवसर पर शांता कुमार ने दीन दयाल उपाध्याय किताब का विमोचन भी किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News