जिस्मफिरोशी के धंधे में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुख्य सरगना गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 25, 2017 - 12:10 PM (IST)

धर्मशाला: पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में जिस्मफरोशी का धंधा चलाने वाले मुख्य सरगना को पकड़ने में कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देह व्यापार के मुख्य आरोपी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 1 माह से पुलिस की पहुंच से दूर था। आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार उर्फ सनी (24) पुत्र राज कुमार निवासी मकान नंबर 37 बाबा दीप सिंह कालोनी, गली नंबर-1, फतेहगढ़ चुडिय़ां रोड अमृतसर, पुलिस थाना सिविल लाइंस  अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस धर्मशाला ले आई है तथा मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


यह था मामला
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में 23 मार्च को देर रात पुलिस ने इस सैक्स रैकेट का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में 2 महिलाओं सहित 6 लोगों को हिरासत में लिया था जबकि 4 युवतियों को बरामद किया था। इसके बाद इसी सैक्स रैकेट से जुड़े कुछ लोगों को पुलिस ने मनाली से भी गिरफ्तार किया था। 23 मार्च को मैक्लोडगंज के निजी गैस्ट हाऊस में सैक्स रैकेट चलने की सूचना एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त गैस्ट हाऊस में दबिश देकर देह व्यापार में संलिप्त लोगों को हिरासत में लिया था।


अभी और होंगी गिरफ्तारियां
जिला पुलिस के अनुसार पंजाब के जीरकपुर से पकड़े गए देह व्यापार के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अभी इस धंधे से जुड़े अन्य और कई लोग बेपर्दा होंगे। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई नाम सामने आएंगे जोकि उसके साथ इस धंधे को जिला कांगड़ा में चला रहे थे। इसके अलावा पहले ही आरोपी के घर से पकड़े गई डायरी तथा लैपटॉप से भी जिला पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ लगे थे। अब मुख्य आरोपी के पुलिस गिरफ्त में आने से अन्य कई लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News