सत्ती ने साधा कांग्रेस सरकार पर निशाना, कहा-CM वीरभद्र को सत्ता से बर्खास्त करेगी जनता

punjabkesari.in Sunday, Jun 25, 2017 - 09:28 PM (IST)

ऊना: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि अब हिमाचल की जनता मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सत्ता से बर्खास्त करेगी। रविवार को ऊना के लोअर अरनियाला एवं जलग्रां सहित कई अन्य गांवों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने वीरभद्र सरकार को उखाड़ फैंकने का अभियान शुरू कर दिया है। जनता का भरपूर समर्थन पार्टी की इस मुहिम को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने नैतिकता की तमाम मर्यादाओं को तोड़ दिया है व पद से चिपके हुए हैं। गंभीर आरोपों के बावजूद कुर्सी पर बने हुए हैं। अब जनता उन्हें कुर्सी से विमुख करेगी। 

रथयात्रा में उमड़ रही लोगों की भीड़
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा द्वारा शुरू की गई रथयात्रा में जिस प्रकार से लोगों की भीड़ उमड़ रही है उससे यह साफ है कि कांग्रेस सरकार के अब गिने-चुने दिन बचे हैं। हिमाचल की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। प्रदेश में माफियाओं का राज चल रहा है। केंद्र की राशि का लाभ प्रदेश की सरकार नहीं उठा पा रही है। अनेक बड़े केन्द्रीय प्रोजैक्ट हिमाचल को मिले हैं परन्तु वीरभद्र सरकार के रवैये के चलते लोग इन प्रोजैक्टों से वंचित हो रहे हैं। 

पूरे देश में चला है कांग्रेस मुक्त अभियान 
उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस मुक्त अभियान चला है और हिमाचल अब पूरी तरह से कांग्रेस से मुक्त हो जाएगा। इससे पहले उन्होंने 5 और 6 जुलाई को कुटलैहड़ और ऊना पहुंच रही परिवर्तन रथयात्रा में बड़े स्तर पर लोगों से शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 6 जुलाई को सायं 7 बजे मुख्य बाजार में जनसभा की जाएगी। उनके साथ इस मौके पर पार्टी के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News