सत्ती बोले- मैं 1000 करोड़ की योजनाएं लाया, वीरभद्र ने क्या किया

punjabkesari.in Sunday, Sep 03, 2017 - 05:16 PM (IST)

ऊना: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वह अपने चुनाव क्षेत्र ऊना के लिए केन्द्र सरकार से एक हजार करोड़ की योजनाएं लाए हैं जबकि वीरभद्र बताएं उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र को कौन सी योजनाएं प्रदान की हैं। देहलां में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्ती ने कहा कि गत 15 वर्षों को लेखा-जोखा जनता को दिया गया है। इस दौरान ऊना हलके में विकास के कई प्रोजैक्ट लाए गए लेकिन वीरभद्र सरकार लगातार ऊना के प्रोजैक्टों में अड़ंगा लगाते रहे। सत्ती ने कहा कि गांव देहलां में केंद्र सरकार से करीब 60 लाख रुपए तो विधायक व सांसद निधि से 25 लाख से ऊपर खर्च किया गया व 85 लाख की राशि से हैल्थ सैंटर बनाया गया है। धूमल सरकार के समय देहलां में स्टेडियम निर्माण का कार्य किया था लेकिन कांग्रेस सरकार ने उसे रोक दिया है। 


धूमल का देहलां के साथ लगाव रहा
सांसद अनुराग देहलां को आदर्श गांव बना रहे हैं। प्रेम कुमार धूमल का देहलां के साथ लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि 7 रिगें बनाई थी लेकिन कांग्रेस ने उनका भी काम रोक दिया है। भाजपा सरकार आने पर यह काम फिर शुरू किए जाएंगे। सत्ती ने बताया कि सामुदायिक भवन के लिए अढ़ाई लाख रुपए, भाई लाल स्पोट्रस क्लब के लिए 2 लाख, गुरुद्वारा के डंगे के लिए 2 लाख व गुरुद्वारे रास्ता के लिए 7 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बुरी तरह से धड़ों में बंटी कांगे्रस के नेता ओछे हथकंडों पर उतर आए हैं और भ्रामक प्रचार में लगे हुए हैं। सत्ती ने कहा कि सत्ता से बाहर होने जा रही कांगे्रस भाजपा कार्यकर्ताओं के बुलंद हौंसलों को तोड़ नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार खुल कर प्रदेश की मदद कर रही है लेकिन वीरभद्र सरकार महज भ्रष्टाचार संलिप्त है। सी.एम. से लेकर मंत्री तक आरोपों से घिरे हुए हैं। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News