अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री की पट्टिका हटाने पर हंगामा, भाजपा ने आबकारी मंत्री पर जड़ा आरोप

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2017 - 11:57 PM (IST)

नेरचौक: चुनावी सरगर्मियां शुरू होते ही विकास को लेकर सत्तासीन और विपक्षी दलों में बयानबाजी का सिलसिला आरंभ हो गया है, जिसके अंतर्गत शनिवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के रत्ती अस्पताल में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व बल्ह भाजपा ने अस्पताल पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की पट्टिका को उखाडऩे का आरोप लगाकर हंगामा करने का प्रयास किया। बल्ह भाजपा के वरिष्ठ नेता महंत राम चौधरी व पूर्व प्रत्याशी इंद्र गांधी की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर अस्पताल प्रशासन व पी.डब्ल्यू.डी. पर वर्षों पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की पट्टिका को उखाडऩे का आरोप लगाया। 

आबकारी मंत्री की शह पर उखाड़ी पट्टिका 
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पट्टिका बल्ह के विधायक एवं आबकारी कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी की शह पर उखाड़ी गई है। उन्होंने प्रकाश चौधरी पर वोट हथियाने के लिए जनता को गुमराह कर अधूरे कार्यों के उद्घाटन करने का आरोप लगाया व इस घटना की जांच करने की मांग की है लेकिन बी.एम.ओ. रत्ती डा. पुष्प राज द्वारा भाजपा नेताओं व कार्यकत्र्ताओं को पट्टिका को पूर्व निर्धारित स्थान पर लगी हुई दिखाने पर मामला शांत हुआ। नेताओं ने अस्पताल प्रशासन से पट्टिका के साथ आगे भी छेड़छाड़ न करने की चेतावनी भी दी। 

क्या कहते हैं आबकारी मंत्री  
आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि भाजपा के दोनों नेता ओछी राजनीति कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का पहले भी सम्मान करते थे और आज भी करते हैं। पट्टिका में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का नाम ही नहीं बल्कि विधायक होने के नाते मेरा नाम भी अंकित है, तो ऐसे में मैं इसे क्यों तुड़वाऊंगा। जिस भी कार्य हेतु शिलान्यास किया जाता है, उसके तैयार हो जाने पर पट्टिका को उस बने हुए स्थान पर स्थापित करने का नियम है। इसी के अंतर्गत विभाग के अधिकारी इस पट्टिका को तैयार हो चुके भवन की दीवार पर लगाने जा रहे थे। बल्ह भाजपा नेताओं ने बेवजह अस्पताल में हंगामा कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया लेकिन जनता विकास कार्यों में बाधा डालने की भाजपा की कार्यप्रणाली को भली-भांति जानती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News