चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक, पढ़ें खबर

punjabkesari.in Friday, Aug 11, 2017 - 10:55 AM (IST)

शिमला : केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राज्य में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी व कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है। हालांकि सरकार चुनाव आयोग की अनुमति से ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए तबादले कर सकती है। जानकारी के अनुसार केंद्रीय चुनाव आयोग के सचिव राहुल शर्मा की तरफ से राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को एक पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें इस बात का उल्लेख किया गया है। राज्य में चुनाव संबंधी कार्य में मुख्य रूप से डी.सी., एस.डी.एम., ए.डी.एम. और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी व निचले स्तर के कर्मचारी सेवाएं देते हैं। ऐसे में यदि राज्य सरकार को किसी जिला के डी.सी. सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी कर्मचारी या अधिकारी का तबादला करना है तो उसकी चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी।

राज्य में चुनाव का कभी भी बज सकता है बिगुल
उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल विधानसभा चुनाव होंगे। इसके लिए मतदाता सूचियों के संशोधन का कार्य चल रहा है। मतदाता सूचियों में संशोधन का यह कार्य 15 सितम्बर तक पूरा किए जाने की संभावना है। मतदाता सूचियों को संशोधित करने के बाद राज्य में कभी भी चुनाव का बिगुल बज सकता है। हालांकि चुनाव की तिथि घोषित करने से पहले आयोग की तरफ से नवरात्र, दशहरा, दीपावली व भैय्या दूज जैसे पर्व को ध्यान में रखा जाएगा। सूत्रों की मानें तो चुनाव दीपावली और भैय्या दूज के बाद करवाए जाने की अधिक संभावना है। इस स्थिति में चुनाव आयोग नहीं चाहता कि अधिकारियों व कर्मचारियों को छेड़ा जाए। फिर भी ऐसे अधिकारी व कर्मचारियों के तबादले चुनाव आयोग की अनुमति से हो सकते हैं, जिनको एक स्थान पर करीब 3 साल या इससे अधिक समय हो गया है। विशेष परिस्थितियों में भी अधिकारी व कर्मचारी बदले जा सकते हैं।

कोटखाई मामले के बाद
उदाहरण के लिए शिमला जिला के कोटखाई में गुड़िया और चम्बा जिला के तीसा में घटित घटनाओं से जुड़े अधिकारियों को चुनाव आयोग की अनुमति से बदला जा सकता है। सरकार की तरफ से कोटखाई मामले के बाद पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं जिसमें एस.पी. शिमला को भी बदला गया है। ऐसे में चम्बा की तीसा घटना को देखते हुए चुनाव आयोग की अनुमति से वहां के एस.डी.एम. को बदला जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News