महिला की मौत पर मायका पक्ष का हंगामा, ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Oct 12, 2017 - 02:32 AM (IST)

बंगाणा: उपमंडल क्षेत्र के तहत हटली पंचायत के रिट सतरूखा में बुधवार को एक महिला की मौत होने पर मायके वालों के पहुंचने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उक्त महिला की मौत होने पर मायके वाले मंगलवार रात्रि बंगाणा पुलिस थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करवाने पहुंचे हुए थे, जिससे रात्रि को भी माहौल तनावपूर्ण हो गया था। बुधवार को पुलिस प्रशासन ने उक्त मामले से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया हुआ था। काफी समझाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में मृतका का दोपहर डेढ़ बजे अंतिम संस्कार करवाया गया। मृतका के मायके अगलौर से काफी संख्या में रोष प्रकट करने पहुंचे हुए थे।

मृतका के पति के लापता होने पर भड़क उठी महिलाएं
पुलिस के मुताबिक अंतिम संस्कार से पहले मृतक महिला के पति के लापता होने से मायके से आई महिलाएं भड़क उठीं, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई जिस पर डी.एस.पी. हैडक्वार्टर कुलविन्द्र सिंह ने मृतका के मायके वालों को समझा-बुझाकर स्थिति पर नियंत्रण किया। डी.एस.पी. द्वारा मायके से आए लोगों को उक्त मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देने पर स्थिति शांत हुई। इस दौरान डी.एस.पी. हरोली गोपाल वर्मा, सदर थाना ऊना के इंस्पैक्टर प्रकाश चंद शर्मा व एस.एच.ओ. बंगाणा कमल नैन शर्मा भी मौके पर उपस्थित रहे। 

मृतका की मां ने दर्ज करवाया मामला
इस मामले में बंगाणा पुलिस थाना में मृतका की मां सुनीता देवी की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ उनकी लड़की को प्रताडि़त करने का मामला दर्ज करवाया गया है, वहीं सुसराल पक्ष द्वारा उनके आरोपों को निराधार बताया गया है। एस.एच.ओ. के मुताबिक मृतक महिला की मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News