PO Cell ने मनाली से पकड़ा भगौड़ा, हत्या के मामले में चल रहा था फरार

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2017 - 11:52 PM (IST)

बिलासपुर: पी.ओ. सैल टीम ने उद्घोषित अपराधी को पकडऩे में सफलता हासिल की है। टीम ने इस अपराधी को मनाली बस अड्डे से गिरफ्तार किया है। पी.ओ. सैल टीम में इसे बिलासपुर ले आई है तथा इसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। जानकारी के अनुसार हत्या का आरोपी संजू राम पुत्र ठीणू राम निवासी रोपा (अम्बेदकर नगर) सुंदरनगर जिला मंडी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। इस पर घुमारवीं के दकड़ी गांव निवासी मंजीत सिंह की हत्या करने के आरोप में केस चल रहा है। इस मामले में संजू राम के साथ 5 अन्य आरोपियों अशोक कुमार, अनिल कुमार, सुरेश कुमार, भास्कर चंदेल व सुनीता चंदेल पर भी मामला दर्ज है।

यह है मामला
मंजीत सिंह का शव उसकी कार (एच.पी.-69 ए-4444) में सतलुज नदी के किनारे डैहर के पास 19 फरवरी, 2012 को मिला था। शव के दोनों पैर कपड़े के साथ बंधे हुए थे। इस शव को सुंदरनगर पुलिस ने बरामद किया था। मामला सुंदरनगर पुलिस थाना में दर्ज हुआ लेकिन अपनी छानबीन के दौरान पुलिस को यह पता चला कि घटना वाली रात्रि मंजीत बिलासपुर के कल्लर में एक होटल चलाने वाली महिला सुनीता चंदेल से मिलने गया था व वहीं पर उसकी कहासुनी सुनीता चंदेल व वहां पर काम करने वाले अन्य लोगों अशोक कुमार, अनिल कुमार व सुरेश कुमार के साथ हुई जोकि बाद में लड़ाई में बदल गई। इस दौरान अशोक, अनिल व सुरेश ने मंजीत को मारना शुरू कर दिया जिससे मंजीत की मौत हो गई। तभी वहां भास्कर चंदेल व उसका नौकर संजू भी पहुंच गए। इन सब ने मंजीत की लाश को कपड़े से बांध कर उसी की कार में डाल कर डैहर के नजदीक सतलुज नदी में कार सहित फैंक दिया। 

पकड़े जा चुके हैं अन्य आरोपी
हत्या के इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया था व सभी अभियुक्तों को जमानत मिलने के बाद आरोपी संजू राम अदालत में किसी भी पेशी पर हाजिर नहीं हुआ। अदालत द्वारा कई सम्मन, वारंट, गिरफ्तारी वारंट, नोटिस भेजने के बाद भी जब संजू किसी भी पेशी पर नहीं आया तो अदालत ने उसे उदघोषित अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की पी.ओ. सैल टीम ने उसेे पकडऩे के लिए जाल बिछाया व मनाली में देकर बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News