मंगल पांडेय ने CM पर साधा निशाना, बोले-कांग्रेस कार्यकाल में हिमाचल 15 वर्ष हुआ पीछे

punjabkesari.in Monday, May 22, 2017 - 09:37 AM (IST)

सोलन: भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार का अभी तक का कार्यकाल प्रदेश के विकास में नहीं, बल्कि अपने बचाव में ही पूरा कर दिया। कांग्रेस कार्यकाल में हिमाचल करीब 15 वर्ष पीछे चला गया है। इस दौरान भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। सोलन में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को खुशी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि इस बार सोलन की 5 सीटों पर कमल खिलाने के लिए वह एकजुट हैं और नया इतिहास भी रचेंगे। 


उन्होंने कहा कि राज्य में विकास, खुशहाली, केंद्र की योजनाओं का लाभ हिमाचल को दिलवाने और भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए सत्ता परिवर्तन करना जरूरी है। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने प्रभारी को 61 कलम के फूलों की माला भी पहनाई। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में इस बात का उल्लेख करते हुए कहा कि वे पिछले कई दिनों से प्रदेश के दौरे पर हैं और अलग-अलग वर्ग के लोगों से मिल रहे हैं। ऐसे लोगों से बातचीत करने के बाद प्रदेश का माहौल साफ कर रहा है कि प्रदेश में 61 सीटों पर कमल खिलेगा और कार्यकर्ताओं की तमन्ना पूरी होगी।


किस के नेतृत्व में होगा चुनाव, नहीं किया इशारा
कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय से सभी इस बात की उम्मीद लगाए हुए थे कि वे अपने संबोधन में यह जरूर स्पष्ट करेंगे कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश के किस नेता के नेतृत्व में होंगे, लेकिन अपने पूरे संबोधन में उन्होंने इस ओर कोई इशारा तक नहीं किया। उन्होंने केवल वर्तमान सरकार व मुख्यमंत्री पर ही निशाना साधा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News