अफसरों के बाद अब कर्मचारियों के लिए खुले तरक्की के द्वार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 21, 2017 - 11:48 AM (IST)

शिमला: वन महकमे में अफसरों के बाद अब कर्मचारियों के लिए भी तरक्की के द्वार खुल गए हैं। पंजाब केसरी ने आई.एफ.एस. अफसरों में बंट रही प्रमोशन की रेवड़ियों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया। अफसरों पर मेहरबान सरकार, कर्मचारियों पर ‘मार’ शीर्षक के बाद से राज्य सरकार भी हरकत में आ गई है। सरकार ने ग्रेड टू से ग्रेड वन सुपरिंटैंडैंट के लिए डिपार्टमैंट प्रमोशन कमेटी (डी.पी.सी.) की बैठक की है। यह बैठक प्रधान वन सचिव की अध्यक्षता में हुई है।


निचली कैटेगरी के कर्मचारियों के लिए प्रमोशन के रास्ते खुले
मौजूदा वक्त में सुपरिंटैंडैंट ग्रेड वन के 13 पद रिक्त हैं। 3 पद रजिस्ट्रारों के खाली पड़े हैं। अब जल्द ही इन पदों पर नियुक्ति हो जाएगी। इसके साथ ही निचली कैटेगरी के कर्मचारियों के लिए प्रमोशन के रास्ते खुल गए हैं। अब इन कर्मचारियों की उम्मीदें भी कुलांचें मार रही हैं। ऐसा हो भी क्यों नहीं। असल में जूनियर असिस्टैंट (क्लर्क) से सीनियर असिस्टैंट बनने के लिए 24-24 साल का वक्त लगा है। तरक्की में इस रैंक में इतना ठहराव और कहीं नहीं है। वन विभाग में कुल 10,000 के आसपास कर्मचारी हैं। 


300 क्लर्कों के पद खाली
प्रमोशन चैनल खुलने से अब धीरे-धीरे सब कैटेगरी की बारी आ सकती है। विभाग में फील्ड में भी काफी स्टाफ कार्यरत है लेकिन सबसे ज्यादा पद क्लर्कों के खाली हैं। करीब 300 क्लर्कों के पद खाली होने से सेवारत कर्मचारियों पर कार्य का बोझ बढ़ता जा रहा है। उधर, कर्मचारियों में डी.पी.सी. की खबर से खुशी की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों ने इसके लिए सरकार का आभार जताया है। 


रजिस्ट्रार के हैं 3 पद
विभाग के मुख्यालय में रजिस्ट्रार के 3 पद हैं। तीनों ही पद खाली चल रहे हैं। अनीता वशिष्ट जनवरी में रिटायर हुई थीं। उसके बाद फरवरी में अनिल कुमार रिटायर हो गए। दूसरी श्रेणी के भी रिटायरमैंट के बाद काफी पर रिक्त हो रहे हैं,  उन्हें भी भरा नहीं जा रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News