बड़ी कामयाबी : दिल्ली से नशे की खेप सहित नाइजीरियन ड्रग तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 16, 2017 - 05:49 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): नशा तस्करी के मामले में ऊना पुलिस ने हैरोइन और कोकीन के साथ अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्कर नाइजीरियन को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी से 471.70 ग्राम हैरोइन और 0.56 ग्राम कोकीन सहित कुछ नशे के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली सीरिंज भी बरामद हुई हैं। आरोपी की पहचान अमेका पी कनिक्वू (37) निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि आरोपी से जो नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं उनकी कीमत अतंर्राष्ट्रीय बाजार में 30 लाख रुपए से अधिक है। 
PunjabKesari
आरोपी से पूछताछ के बाद दबोचा नाइजीरियरन
इस नाइजीरियन को हाल ही में ऊना के भटोली के निकट नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद हुए खुलासों के बाद पकड़ा गया है। बता दें कि नया नंगल के एक आरोपी मनोज कुमार से पुलिस ने 6 ग्राम हैरोइन पकड़ी थी। आरोपी ने कड़ी पूछताछ के बाद इस बारे में खुलासा किया, जिस पर ऊना पुलिस की टीम ने दिल्ली में दबिश दी और वहां से नाइजीरियन को धर दबोचा। इस दौरान नाइजीरियन के कब्जे से हैरोइन और कोकीन बरामद की गई। एस.पी. के मुताबिक आरोपी नाइजीरियन पहले भी कई मामलों में नामजद हो चुका है। इस संबंध में पुलिस कई और तथ्यों का भी खुलासा करने में जुटी हुई है।

2 किलो चरस सहित पकड़े आरोपियों से भी पूछताछ शुरू 
एस.पी. ने कहा कि 2 किलो चरस के साथ पकड़े गए 2 आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि आखिर यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। असली सोर्स का पता लगाया जाएगा ताकि उन लोगों तक पहुंचा जा सके जो नशे की इस खेप को बेचने के बड़े कारोबार में लगे हुए हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News