नड्डा-सुशांत में हुई गुफ्तगू, जल्द कर सकते हैं घर वापसी!

punjabkesari.in Sunday, Mar 19, 2017 - 08:09 PM (IST)

शिमला: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा नेता जे.पी. नड्डा के हिमाचल दौरे ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। रविवार को शिमला पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की कोर टीम के सदस्य माने जाने वाले केंद्रीय मंत्री नड्डा से प्रदेश भाजपा से रुष्ट होकर आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले पूर्व सांसद डा. राजन सुशांत ने मुलाकात की तथा राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में दोनों नेताओं के बीच 10 से 15 मिनट तक गुफ्तगू हुई। इस मंत्रणा के बाद राजन सुशांत की प्रदेश भाजपा में घर वापसी की अटकलें तेज हो गई हंै तथा कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही भाजपा में वापस लौट सकते हैं। इससे प्रदेश में निश्चित तौर से भाजपा की स्थिति मजबूत होगी। इसके अलावा जल्द ही भाजपा का दामन थामने जा रहे कांग्रेस के एसोसिएट मैंबर व चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने भी पीटरहाफ पहुंच कर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। बलवीर वर्मा के भी जल्द भाजपा में शामिल होने से जिला शिमला में भी पार्टी की स्थिति मजबूत होगी। 

धर्मïपुर के विधायक सहित इन नेताओं ने भी भरी हाजिरी
अपने विधानसभा क्षेत्र में अन्य नेताओं की सक्रियता बढऩे से नाराज चल रहे पूर्वï मंत्री और धर्मïपुर से विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। इसके अलावा पूर्व विधायक राकेश पठानिया भी नड्डा से मिलने पहुंचे। इन नेताओं के अलावा प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट के तलबगार कई नेताओं ने भी नड्डा के दरबार में हाजिरी भरी। इस दौरान सांसद वीरेंद्र कश्यप, शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज, विधायक गोविंद राम शर्मा, पूर्व विधायक राकेश पठानिया, राकेश वर्मा, राम लाल मार्कंडेय व खुशी राम बालनाटाह, भाजपा नेता संदीपनी भारद्वाज व गणेश दत्त सहित अन्य नेताओं ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। इसके साथ ही जुब्बल-कोटखाई से जिला परिषद सदस्य नीलम सरैक ने भी पीटरहाफ पहुंच कर हाजिरी भरी। 

इन नेताओं के कारण भाजपा को भुगतना पड़ा था खमियाजा 
उल्लेखनीय है कि पूर्व में कई पार्टी नेता भाजपा को छोड़कर चले गए थे। इसके तहत विधायक महेश्वर सिंह ने पहले भाजपा का दामन छोड़ कर प्रदेश में हिमाचल लोकहित पार्टी का गठन किया। पूर्व शिक्षा मंत्री रहे राधारमण शास्त्री सहित कई नेताओं ने भाजपा का दामन छोड़ा था जिसका खमियाजा भाजपा को भुगतना पड़ा तथा प्रदेश में पार्टी को सत्ता से बाहर होना पड़ा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। इसके बाद देश में राजनीतिक समीकरण बदले तथा केंद्र में मोदी सरकार बनी व जे.पी. नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बने। इसके बाद प्रदेश भाजपा में लगातार राजनीतिक समीकरण बदलते जा रहे हैं। इसके तहत जहां पूर्व विधायक खुशी राम बालनाटाह सहित उनके समर्थक भाजपा में वापस आए तो वहीं विधायक महेश्वर सिंह ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News