गुड़िया केस में बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में CBI

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2017 - 10:54 AM (IST)

शिमला: गुड़िया केस में सी.बी.आई. बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही इसमें सूरज कांड सरीखी कार्रवाई हो सकती है। इस संबंध में हिमाचल पुलिस के 2 अधिकारियों से दिल्ली में फिर पूछताछ की गई है। 2 दिन तक हुई पूछताछ की किसी को भनक तक नहीं लगी। इनमें से एक अधिकारी वापस लौट आया है जबकि दूसरे से अभी भी पूछताछ हो रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस की एस.आई.टी. में शामिल रहे ए.एस.आई. रैंक के एक और पुलिस कर्मचारी को दिल्ली तलब किया गया है। पहले भी 2 अफसरों से कड़ी पूछताछ हो चुकी है। 


8 पुलिस कर्मियों को किया था गिरफ्तार
शिमला में भी यह सी.बी.आई. के राडार पर रहे। पहले कोटखाई थाने की हवालात में हुई सूरज की हत्या केस में इनकी गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही थी। तब सी.बी.आई. ने अपनी कार्रवाई से सबको चौंका दिया था। जांच एजैंसी की एस.आई.टी. ने 29 अगस्त को आई.जी. जैड.एच. जैदी, ठियोग के डी.एस.पी. मनोज जोशी, कोटखाई थाने के पूर्व एस.एच.ओ. राजिंद्र सिंह सहित कुछ 8 पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया था। ये 10 दिन तक पुलिस रिमांड पर रहे। अब न्यायिक हिरासत में हैं। इनको 2 बार सी.जे.एम. के पास पेश किया गया था। सी.बी.आई. ने तीसरी बार भी इनका पुलिस रिमांड मांगा था लेकिन कोर्ट ने रिमांड देने से इंकार कर दिया था। 


गुड़िया केस में नहीं हुई है नई गिरफ्तारी
गुड़िया केस में सी.बी.आई. की ओर से नई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने शुरू में ही 6 आरोपियों को पकड़ा था। इसमें से सूरज की थाने के भीतर हत्या हो गई थी। इसका इल्जाम राजू पर डाला गया। अन्य 5 आरोपी अभी भी न्यायिक हिरासत में ही चल रहे हैं। सी.बी.आई. जांच में पुलिस की पूरी कहानी ही झूठी पाई गई। अब पहले वाली कहानी की गहनता से जांच-पड़ताल हो रही है। सूत्रों का कहना है कि इसमें कभी भी नई गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस ने भी गुड़िया गैंगरेप व मर्डर मामले में एस.आई.टी. गठित की थी। इस एस.आई.टी. पर सी.बी.आई. की एस.आई.टी. भारी पड़ी। देश की सबसे बड़ी जांच एजैंसी एक बार फिर से पुलिस की एस.आई.टी. पर निशाना साध रही है। जिस तरीके से सिलसिलेवार पूछताछ आगे बढ़ रही है, उससे बड़ी कार्रवाई करने के साफ संकेत मिल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News