कौल सिंह के खिलाफ भितरघात करना पड़ा महंगा, ये कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित

punjabkesari.in Sunday, Dec 03, 2017 - 09:29 AM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): विधानसभा चुनाव में भितरघात करने के आरोप पर कांग्रेस ने दर्जनों कार्यकर्ताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर के द्रंग विधानसभा क्षेत्र और आनी हलके में की गई। विधानसभा चुनाव में भितरघात और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निर्दलीय प्रत्याशी पूर्ण चंद के पक्ष में काम करने के आरोप में द्रंग ब्लॉक कांग्रेस इंटक अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शंकर ठाकुर, मंडी जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष भादर सिंह मुगलाना, जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव मनोहर चंद, प्रदेश कांग्रेस सचिव शारदा ठाकुर, द्रंग ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष भूप सिंह, पूर्व प्रधान पंचायत कटौला चैना राम, कमांद पंचायत के उपप्रधान मुहम्मद अली, इलाका बदार से हीरा लाल, गोपाल और रोशन लाल आदि पार्टी पदाधिकारियों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है। 


कांग्रेस कार्यकर्ता 6 साल के लिए निष्कासित
बता दें कि गत 23 नवंबर को बिजनी में आयोजित पार्टी की बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं की सूची का प्रस्ताव पारित कर जिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस को भेजा था। जिस पर पार्टी हाईकमान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निष्कासित किए गए सदस्यों की सूची जारी कर जिला और ब्लॉक कांग्रेस को भेज दी है। वहीं युवा कांग्रेस से निष्कासित पदाधिकारियों की सूची युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को भी भेजी गई है। ब्लॉक कांग्रेस द्रंग के स्थायी सचिव रोशन महंत ने पार्टी से निष्कासित सदस्यों की पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उपरोक्त सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित किया है। जिला मंडी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष दीपक शर्मा ने भी निष्कासन की पुष्टि की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News