जंजैहली विवाद : अब CM जयराम के समर्थन में उतरे बालीचौकी के लोग

punjabkesari.in Sunday, Feb 18, 2018 - 12:34 AM (IST)

बालीचौकी: एस.डी.एम. कार्यालय को लेकर जंजैहली में उपजा विवाद सुलझने की बजाय उलझता जा रहा है। शनिवार को एक ओर जहां जंजैहली में मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद भी लोग विरोध स्वरूप सड़कों पर उतरे, वहीं बालीचौकी के लोग भी अब जंजैहली के प्रदर्शन को बेतुका बताते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ इसे साजिश बता रहे हैं। जंजैहली विवाद को लेकर तहसील मुख्यालय बालीचौकी में भाजपा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह व चुनाव से पूर्व भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता रहे दलीप सिंह की अगुवाई में एक रैली निकाली गई, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री के पक्ष में हजारों भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। 

कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी चाल
लोगों ने बालीचौकी बाजार के बीचोंबीच कांग्रेस व माकपा नेताओं के खिलाफ  नारे लगाते हुए लोगों को गुमराह कर अपनी राजनीति चमकाने के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अब तक संयम रखा है लेकिन पानी जब गले से ऊपर पहुंच जाए तो वे भी शांत नहीं बैठेंगे। इस दौरान बालीचौकी बाजार के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में 3 घंटों तक बाजार बंद कर भाजपा की रैली में भाग लिया। मंडलाध्यक्ष शेर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा सोची-समझी चाल के तहत यह सब किया जा रहा है। सराज भाजपा प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और उनकी की गई घोषणाओं का स्वागत करती है। 

सहन नहीं होगा बेतुका आंदोलन
उन्होंने कहा कि आज तक भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कहने पर विरोधियों की ओर से की जा रही बयानबाजी को सहन कर लिया लेकिन आज के बाद अब यह बेतुका आंदोलन सहन नहीं होगा। अगर जंजैहली के कुछ शरारती लोग नहीं मानते हैं तो उनके खिलाफ  गांव स्तर पर भी आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी लोगों द्वारा एस.डी.एम. कार्यालय को मुद्दा बनाया जा रहा है जबकि एस.डी.एम. कार्यालय की अधिसूचना को उच्च न्यायालय द्वारा रद्द किया गया है, ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अशोभनीय नारे लगाना व पुतले फंूकना अच्छी बात नहीं है।

झूठा शपथ पत्र देने वाले के खिलाफ दर्ज हो मुकद्दमा
 उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग और माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय बाजार के लोगों को भड़काया जा रहा है और उन्हें सचाई नहीं बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के वक्त झूठा शपथ पत्र देने का खामियाजा आज जंजैहली के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जिस व्यक्ति ने झूठा शपथ पत्र दिया है उसके खिलाफ  मुकद्दमा दर्ज होना चाहिए ताकि दूसरी बार इस प्रकार जनता को गुमराह न कर सके। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष डोले राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने आप को शून्य में देख बौखलाहट में है और इस प्रकार के अशोभनीय कृत्य को अंजाम दे रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व मंडल जोगिंद्र शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष खेम चंद शास्त्री व बालीचौकी के उपप्रधान बलदेव शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य ने भी अपने विचार रखे। 

भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदर्शनकारियों को दी चेतावनी
भाजपा युवा मोर्चा सराज ने जंजैहली के प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सराज भाजपा मंडल के सभी संगठनों ने शांति पूर्वक बात करके हल निकालने की बात कही है। यदि जंजैहली के लोग इस प्रकार के उग्र आंदोलन से बाज नहीं आए तो भाजपा युवा मोर्चा सराज गांव-गांव में कांग्रेसी व कामरेडों के पुतले फूंकने पर मजबूर होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News