ड्यूटी से वापस लौट रहे पुलिस जवानों के साथ हुआ हादसा, 6 घायल

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 02:04 AM (IST)

थुरल: थुरल से करीब 12 कि.मी. दूर बैरघट्टा के साथ लगती लोअर पख्खी के तीखे मोड़ पर पुलिस की बस के पलट जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम तपोवन धर्मशाला से विधानसभा सत्र की ड्यूटी समाप्त होने के बाद पुलिस कर्मचारियों से भरी बस जंगलबैरी बटालियन को वापस जा रही थी कि बैरघट्टा के लोअर पख्खी नामक स्थान पर स्टेट हाईवे के तीखे मोड़ पर बस की छत पर लदे सामान के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क के बाहर पलट गई। 

बस में सवार थे 33 पुलिस कर्मचारी 
बस के अंदर करीब 33 पुलिस कर्मचारी सवार थे, जिसमें से 6 पुलिस कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने भी बस के अंदर फंसे पुलिस कर्मचारियों का बचाव कार्य किया। वहीं सूचना मिलते ही 108 एम्बुलैंस व पुलिस थाना थुरल की टीम घटना स्थल पहुंची और घायल पुलिस जवानों को सिविल अस्पताल थुरल पहुंचाया, जहां पर अस्पताल के चिकित्सक घायलों का सफल इलाज करने की बात कर रहे हैं। 

2 जवान टांडा अस्पताल रैफर 
इस हादसे में पुलिस जवान अमित ठाकुर, विजय कुमार, मेहर सिंह, छवील चौहान, मनिगिर तथा नितिन धीमान को गंभीर चोटें आई हैं। उक्त घायल पुलिस कर्मचारियों में से 2 जवानों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें देर रात ही टांडा मैडीकल अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। उक्त घटना की पुष्टी पुलिस थाना थुरल के एस.एच.ओ. ओमप्रकाश ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News