GST के बाद महंगा हुआ सरकारी सीमैंट, जानिए कितने % लगा टैक्स

punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2017 - 11:09 PM (IST)

सोलन: जी.एस.टी. के बाद सरकारी सीमैंट महंगा हो गया है। सीमैंट पर लगने वाला टैक्स अब बढ़कर 28 फीसदी हो गया है। इससे पूर्व सरकारी सीमैंट पर टैक्स की दर 17.50 फीसदी थी। इसमें से सी.एस.टी. 12.50 फीसदी तथा वैट 5 फीसदी था। सरकारी सीमैंट पर वैट में काफी छूट दी गई थी। ऐसे सीमैंट पर 26.25 फीसदी टैक्स (सी.एस.टी. 12.50 व वैट 13.50 फीसदी) था। जी.एस.टी. के बाद टैक्स बढ़कर 28 फीसदी हो गया। जी.एस.टी. के बाद से सीमैंट कंपनियों ने सरकारी सीमैंट की आपूर्ति बंद कर दी थी। इसके कारण प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं का काम भी रुक गया था तथा सरकारी क्षेत्रों में हो रहे सभी निर्माण कार्य भी बंद हो गए थे, वहीं पंचायतों में भी सभी विकास कार्य रुक गए थे। 

सीमैंट कंपनियों व सरकार के बीच चला रहा था विवाद 
सरकारी सीमैंट के रेट को लेकर सीमैंट कंपनियों व सरकार के बीच विवाद चला हुआ था। जी.एस.टी. के बाद सीमैंट पर टैक्स बढऩे के साथ ही कंपनियां रेट बढ़ाने पर अड़ गई थीं। दबाव बनाने के लिए कंपनियों ने सीमैंट की आपूर्ति भी बंद कर दी थी। विवाद को सुलझाने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के आलाधिकारियों की सीमैंट कंपनियों के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्ष रेट बढ़ाने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद से प्रदेश में सरकारी सीमैंट की आपूर्ति बहाल हो गई है। यह जानकारी नागरिक एवं आपूर्ति निगम के कार्यकारी निदेशक सुमित खिमटा ने दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News