धूमल बोले-सत्तासीन होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मामले लिए जाएंगे वापस

punjabkesari.in Sunday, Dec 10, 2017 - 11:54 PM (IST)

गगरेट: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि प्रदेश में भारी बहुमत के साथ भाजपा सरकार सत्तासीन होगी। प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्तासीन होने पर भाजपा सरकार की प्राथमिकता जान-माल की सुरक्षा के साथ महिला सम्मान की सुरक्षा करना होगा। इसके साथ प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा और ठप्प पड़े विकास कार्यों को फिर से गति दी जाएगी। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल रविवार को गगरेट में पत्रकारों से रू-ब-रू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर द्वेष भावना के साथ बनाए गए झूठे मामले वापस लेने पर भी विचार किया जाएगा। 

दृष्टि-पत्र में शामिल कार्यों को करेगी भाजपा सरकार
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वही कार्य करेगी जो भाजपा के दृष्टि-पत्र में शामिल है। कांग्रेस ने अपनी निश्चित हार देखकर जनता के साथ तथ्यों से परे जाकर भी वायदे किए क्योंकि कांग्रेस को पता था कि उसकी सत्ता से विदाई हो रही है। उन्होंने कर्मचारियों की पुरानी पैंशन पद्धति को बहाल करने के कांग्रेस द्वारा किए गए वायदे पर आगे कोई भी कार्रवाई न करने के साथ संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस राज में कानून व्यवस्था की हालत बुरी है और भाजपा के सत्ता में आने के बाद जान-माल की सुरक्षा के साथ महिला सम्मान की सुरक्षा करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रहेगी। कांग्रेस सरकार में प्रदेश में माफिया राज का बोलबाला था और भ्रष्टाचार चरम पर था। भाजपा के सत्ता संभालते ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाएगी और पिछले 5 साल से ठप्प पड़े विकास कार्यों को फिर से पटरी पर लाया जाएगा। 

प्रदेश के तमाम जिलों को सरकार में दिया जाएगा अधिमान 
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद प्रदेश के तमाम जिलों को सरकार में अधिमान दिया जाएगा। यह बात उन्होंने इस सवाल के जवाब में कही कि क्या जिला ऊना को भी भाजपा के सत्तासीन होने की सूरत में मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा? पिछली धूमल सरकार में जिला ऊना को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिल पाया था। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, विधानसभा क्षेत्र गगरेट से भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष राममूॢत शर्मा, भाजपा नेत्री लक्ष्मी जरियाल, मीनू चौधरी, मिन्नी मिन्हास व बी.डी.सी सदस्य सुमन कुमारी भी मौजूद थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News