EC ने हिमाचल में GST में संशोधन को दी मंजूरी, 200 वस्तुओं के कम होंगे दाम

punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2017 - 12:13 AM (IST)

शिमला: केंद्रीय चुनाव आयोग ने माल एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) में किए गए संशोधन को लागू करने की मंजूरी दे दी है। राज्य के आबकारी एवं कराधान विभाग ने चुनाव आयोग से आग्रह किया था कि जी.एस.टी. में जो बदलाव राष्ट्रीय स्तर पर कौंसिल ने किए हैं, उन्हें हिमाचल में लागू करने की अनुमति दी जाए। चुनाव आचार संहिता के कारण राज्य सरकार जी.एस.टी. की कम की गई दरों को लेकर अधिसूचना जारी नहीं कर पा रही थी। चुनाव आयोग की हरी झंडी के बाद अब राज्य सरकार जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी करेगी। इसके बाद करीब 200 वस्तुओं के दाम प्रदेश में भी कम हो जाएंगे। इससे प्रदेशवासी आसमान छू रही महंगाई से हल्की राहत की सांस ले पाएंगे। इसी तरह चुनाव आयोग ने पैट्रोल व डीजल पर एक फीसदी वैट कम करने की मंजूरी भी दे दी है।

गुजरात चुनाव के ऐलान से पहले 200 चीजों पर कम किया था जी.एस.टी. का स्लैब 
बीते नवम्बर माह में जी.एस.टी. कौंसिल ने गुजरात चुनाव का ऐलान करने से पहले करीब 200 चीजों पर जी.एस.टी. का स्लैब कम किया था। करीब 28 चीजों पर अक्तूबर माह में भी जी.एस.टी. स्लैब कम किया गया था क्योंकि देशभर में लोग जी.एस.टी. की ऊंची दरों का जबरदस्त विरोध कर रहे थे। खासकर जिन वस्तुओं में 28 फीसदी जी.एस.टी. लगाया गया है, उसके दाम में बेतहाशा बढ़ौतरी हुई है। ज्यादातर इलेैक्ट्रॉनिक उपकरणों पर 28 फीसदी जी.एस.टी. लगाया गया है। इसी तरह स्टार व बड़े होटलों में खाने पर भी 28 फीसदी जी.एस.टी. का देशभर में विरोध हो रहा था जबकि ए.सी.रैस्टोरैंट में 18 फीसदी स्लैब खाने पर लगाया गया था। कौंसिल द्वारा जी.एस.टी. स्लैब में किए गए बदलाव के बाद केंद्र ने तो इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है लेकिन प्रदेश सरकार चुनाव आचार संहिता के कारण ऐसा नहीं कर पाई थी। अब जाकर चुनाव आयोग ने जी.एस.टी. कानून में लाए गए बदलाव की राज्य को अधिसूचना करने की मंजूरी दी है। 

178 लग्जरी चीजों पर 28 से 18 फीसदी किया गया जी.एस.टी.
बीते 10 नवम्बर को जी.एस.टी. में कौंसिल द्वारा किए गए बदलाव के बाद 50 लग्जरी चीजें ही 28 फीसदी के स्लैब में रखी गई हैं जबकि पहले 227 वस्तुएं 28 फीसदी के स्लैब में थीं। इनमें से 178 वस्तुओं को अब 18 फीसदी के स्लैब में लाया गया है। इसी तरह 18 फीसदी स्लैब से कुछ वस्तुओं को 12 फीसदी स्लैब में लाया गया है।

प्रदेश में सस्ता होगा पैट्रोल व डीजल
हिमाचल में जल्द ही पैट्रोल व डीजल सस्ता होगा। राज्य सरकार इसे लेकर जल्द अधिसूचना जारी कर सकती है। वीरभद्र सरकार ने पैट्रोल व डीजल पर 1 फीसदी वैट कम करने की चुनाव आयोग से मंजूरी मांग रखी थी। आयोग ने शुक्रवार को इसकी मंजूरी दे दी है। इसके बाद प्रदेश में पैट्रोल करीब 60 पैसे प्रति लीटर और डीजल करीब 50 पैसे सस्ता हो जाएगा।

आबकारी एवं कराधान विभाग को दी है सूचना
मुख्य चुनाव अधिकारी पुष्पेंद्र राजपुत ने बताया कि चुनाव आयोग ने जी.एस.टी. में राष्ट्रीय स्तर पर लाए गए बदलाव की अधिसूचना जारी करने की मंजूरी दे दी है। इसे लेकर आबकारी एवं कराधान विभाग को सूचित कर दिया गया है। आयोग ने पैट्रोल व डीजल पर 1 फीसदी वैट भी कम करने का हिमाचल का अनुरोध स्वीकार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News