धूमल ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-अंतिम समय में किए जा रहे दान-पुण्य से नहीं होगा भला

punjabkesari.in Wednesday, Oct 11, 2017 - 01:33 AM (IST)

हमीरपुर/शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अंतिम समय में किए जा रहे दान-पुण्य से कांग्रेस पार्टी का भला होने वाला नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री मंगलवार को भोटा में बड़सर भाजपा मंडल के आजीवन सहयोगी सदस्यों के सम्मान समारोह में भाग लेने के उपरांत प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा चुनावों के समय प्रदेश के लोगों को गुमराह करने तथा वोटरों को लुभाने के लिए कई तरह की लुभावनी घोषणाएं करती है जोकि कभी पूरी नहीं होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने शिमला में बैठकर एक दिन में ही 30-30 शिलान्यास और घोषणाओं की नई रीत शुरू की है लेकिन नकली घोषणाओं और शिलान्यासों से कांग्रेस पार्टी का इस बार भला होने वाला नहीं है।

...तो बड़सर में न होते नकली शिलान्यास-घोषणाएं
उन्होंने कहा कि बड़सर विस क्षेत्र से वर्ष 2012 के विस चुनावों में भाजपा प्रत्याशी जीता होता तो प्रदेश में भाजपा की सरकार होती और बड़सर विस क्षेत्र में नकली शिलान्यास व घोषणाएं नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों का कार्यकाल सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं के साथ पीड़ित लड़कियों की हत्याएं, वन माफिया को रोकने वाले वन कर्मी की हत्या और केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत बड़े प्रोजैक्टों के लिए भूमि न देने जैसी भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक करने के साथ ही जो भी शिलान्यास व घोषणाएं करेगी उन्हें 5 वर्षों के भीतर पूरा करके दिखाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News