धूमल का आरोप, चुनावी वर्ष में बेरोजगारों को छल रही कांग्रेस सरकार

punjabkesari.in Sunday, Aug 06, 2017 - 10:13 PM (IST)

हमीरपुर: चुनावी वर्ष में सरकार नौकरियों की लुभावनी घोषणाएं कर रही है, यह मात्र बेरोजगारों को छलने का एक प्रयास है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर में अनौपचारिक प्रैस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देंगे, ऐसे लुभावने वायदे कर कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई थी लेकिन साढ़े 4 साल प्रदेश के लाखों बेरोजगार भत्ते की राह देखते रहे। झूठ बोलने वाली कांग्रेस ने वर्ष 2003 में भी हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार देने का वायदा किया था, जो कभी भी पूरा नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार बेरोजगारी दूर करने और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रति यदि सच में गंभीर होती तो सत्ता में बैठते ही इस दिशा में कोई प्रयास करती लेकिन कांग्रेस सरकार ने पूरे कार्यकाल में कोई कदम नहीं उठाया। अब जब प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है तब कांग्रेस सरकार जनता को लुभाने के लिए घोषणाएं कर जनता को ठगने का असफल प्रयास कर रही है लेकिन वह कभी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएगी। 

प्रदेश में आधारभूत ढांचे का बुरा हाल
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के बचे कुछ आखिरी दिनों में प्रदेश की भोली जनता को ठगने का प्रयास कर रही है। नौकरियों की लुभावनी घोषणाएं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे का बुरा हाल है। साढ़े 4 साल तक कितने ही शिक्षण संस्थान बिना फैकल्टी, शिक्षकों के अभाव में चले हैं व छात्रों को कितनी मुसीबतों का सामना करना पड़ा है। बिना फैकल्टी के कालेजों में रूसा लागू कर छात्रों का भविष्य अंधकारमय कर दिया गया। इस दौरान प्रदेश भर में शुद्ध पेयजल हर गांव, हर क्षेत्र में पहुंचाने में सरकार विफल रही। कांग्रेस बताए सरकार का कार्यकाल खत्म होने पर ही क्यों इन रिक्त पदों को भरने की याद आई और वह भी सिर्फ घोषणाएं की जा रही हैं। 

चिंताजनक है प्रदेश की कानून व्यवस्था
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और कहा कि एक ओर जहां पूरे देश में महिला सशक्तिकरण की कवायद जोर-शोर से चली है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में महिलाओं की, मासूम बच्चियों की जान और इज्जत को हर कदम पर, हर वक्त खतरा बना हुआ है। जघन्य कांड प्रदेश में घट रहे हैं, अपराधियों को कोई खौफ  नहीं रह गया है। अधिकारी/कर्मचारी सरकार की नालायकी की वजह से दिशाविहीन होकर रह गए हैं। कांग्रेस के नेता अधिकारियों को धमकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश भर के अधिकारियों से अपील की है कि वे निष्पक्ष होकर सही काम करें। किसी के बहकावे या धमकी में आकर गलत काम करने की जरूरत नहीं है। 

यादविंदर गोमा के चाचा और चचेरे भाई भाजपा में शामिल
इस दौरान जयसिंहपुर मंडल के उपाध्यक्ष राजेश राणू की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिला, जिसमें विधायक यादविंदर गोमा के चाचा अमर सिंह गोमा उपप्रधान ग्राम पंचायत बुहाना, चचेरे भाई अरविंद गोमा, अरुण गोमा, अश्विनी गोमा, विजय कुमार, चुनी लाल पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कैलाशपुर, शेर सिंह वार्ड पंच ग्राम पंचायत मजेरा आदि सहित अन्य भाजपा कार्यकत्र्ता उपस्थित रहे। विधायक के चाचा और भाइयों ने कांग्रेस की जनविरोधी कार्यप्रणाली से तंग आकर और भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री धूमल की नीतियों में विश्वास और आस्था जताते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नए सदस्यों का धूमल ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News