कांग्रेस ने BJP सांसदों को घर में ही घेरने की बनाई रणनीति

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2018 - 10:18 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस ने भाजपा सांसदों को घर में ही घेरने की रणनीति तैयार कर दी है। ‘हिसाब दे सांसद-जवाब दे सांसद’ कार्यक्रम के अंतर्गत कांग्रेस के 13 वरिष्ठ नेता भाजपा सांसदों पर हमला बोलेंगे। उक्त कार्यक्रम के तहत वह सांसदों को उनके घर में ही घेरने का प्रयास करेगी। इसको लेकर 15 से 17 फरवरी तक हर संसदीय क्षेत्र में यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस के 13 वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और विधायक हर संसदीय क्षेत्र में जाकर पत्रकारवार्ता करेंगे और सांसदों से केंद्र की मोदी सरकार के 4 साल के कार्यकाल में किए गए कामों का हिसाब मांगेंगे। सांसदों से पूछा जाएगा कि उन्होंने सांसद निधि से किस-किस विधानसभा क्षेत्र को कितनी-कितनी राशि स्वीकृत की और संसदीय क्षेत्र के कितने दौरे किए। 


केंद्र से कौन-कौन से प्रोजैक्ट लाए तथा केंद्रीय योजनाओं में कितना धन लाए या मिला। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की मोदी सरकार ने लोकसभा चुनाव के दौरान हिमाचल की जनता से किए गए एक भी वायदे को पूरा नहीं किया है और राज्यों के चारों सांसद भी प्रदेश के हितों को केंद्र के समक्ष उठाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। कार्यक्रम आगामी लोकसभा चुनाव तक चलेगा। इसी कड़ी में चारों संसदीय क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन भी किए जाएंगे। इनमें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे, सह-प्रभारी रंजीता रंजन, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस के सभी पूर्व मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। संसदीय क्षेत्रों में सम्मेलनों के बाद राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा। 


अग्निहोत्री ऊना तो कौल मंडी में खोलेंगे मोर्चा
15 फरवरी को विधायक रामलाल ठाकुर बिलासपुर और पूर्व मंत्री व विधायक कर्नल धनी राम शांडिल सिरमौर, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ऊना तथा पूर्व सी.पी.एस. व  विधायक इंद्र दत्त लखनपाल हमीरपुर में भाजपा सांसदों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। इसी तरह 16 फरवरी को पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा व विधायक राजेश धर्माणी कांगड़ा (धर्मशाला),पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर मंडी, विधायक जगत सिंह नेगी किन्नौर (कल्पा) और पूर्व  विधायक अजय महाजन चम्बा में पत्रकार वार्ता करेंगे। इसके साथ ही 17 विधायक  हर्षवर्धन चौहान शिमला, पूर्व सी.पी.एस रोहित ठाकुर  सोलन, पूर्व विधायक रवि ठाकुर लाहौल-स्पीति और विधायक सुंदर ठाकुर कुल्लू में पत्रकारवार्ता करेंगे। 


सुक्खू बोले, हिसाब भी देना होगा-जवाब भी देना होगा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा सांसदों का जनता को हिसाब भी देना होगा और जवाब भी। उन्होंने कहा कि वे इससे बचकर नहीं भाग सकते। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस के अभियान पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता अपने सांसदों को अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा तैयार करने की सलाह दें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आगामी लोकसभा चुनाव तक चलता रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News