कांग्रेस कल जारी कर सकती है उम्मीदवारों की पहली सूची

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2017 - 09:53 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सूची भी कल जारी हो सकती है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल सुबह 10 बजे सोनिया के 10 जनपथ स्थित आवास पर होगी। सोनिया इस समिति की भी अध्यक्ष हैं।   

 

सूत्रों ने बताया कि बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के प्रभारी महासचिव सुशील कुमार शिंदे के साथ साथ राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एवं प्रदेश पीसीसी प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाग लेने की संभावना है। सूत्रों ने कहा, ‘‘समिति इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए कल उम्मीदवारों का चयन करेगी। अधिकतर उम्मीदवारों के नाम कल ही तय कर दिए जाएंगे। कुछ सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम बाद में तय किए जाएंगे। इसका कारण है कि कुछ सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर आम सहमति नहीं बन सकी है।’’  हिमाचल प्रदेश में नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री का चेहरा एवं प्रचार समिति का अध्यक्ष पहले ही घोषित किया जा चुका है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News