कांग्रेस ने जड़ा आरोप, भाजपा ने खरीद-फरोख्त कर बनाए मेयर-डिप्टी मेयर

punjabkesari.in Thursday, Jun 22, 2017 - 01:35 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त करके नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रलोभन व जुगाड़ से निगम को बनाया। यहां जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी कीमत पर निगम में काबिज होना चाहती थी और इसके लिए उसने अपने पार्षदों को अज्ञातवास में रखकर लोकतंत्र की हत्या की है। इससे खरीद-फरोख्त की संस्कृति को बढ़ावा मिला है। 

शिमला में नहीं थी मोदी नाम की कोई लहर 
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की शिमला रैली के बाद भाजपा ने उनके नाम पर प्रचार किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के जो नतीजे आए हैं, उससे स्पष्ट है कि यहां पर मोदी नाम की कोई लहर नहीं थी। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम में भाजपा को बहुमत न मिलना इसका प्रमाण है कि खरीद-फरोख्त और प्रलोभन से उसने सत्ता पर कब्जा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने पार्षदों पर भरोसा नहीं था, इस कारण उनको नजरबंद करके रखा गया। उन्होंने भाजपा के मेयर-डिप्टी मेयर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पार्षद सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News