भाजपा चार्जशीट का सही स्थान कूड़ेदान : वीरभद्र

punjabkesari.in Saturday, Dec 24, 2016 - 09:38 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सरकार के विरुद्ध राज्यपाल को सौंपी गई चार्जशीट को झूठ का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसका स्थान केवल व केवल कूड़ेदान में है। उन्होंने कहा कि झूठे आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत है क्योंकि भाजपा के पिछले कार्यकाल के दौरान उन पर 2 बार झूठे आरोप लगाए गए थे और सैशन ट्रायल के उपरांत दोनों बार वह बरी हुए हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा अभी तक उनके आयकर के एकमात्र मामले में 3 विभिन्न केन्द्रीय एजैंसियों द्वारा जांच करवा रही है और ऐसा देश में पहले कभी भी नहीं हुआ है। उन्होंने इस चार्जशीट को जनता के ध्यान को भ्रमित करने वाला प्रयास बताया है।

खुद को वैकफुट पर देख रही भाजपा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गत 4 वर्षों के दौरान राज्य में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित बनाया है, जिसके कारण भाजपा अपने आपको वैकफु ट पर पा रही है। उन्होंने कहा कि चार्जशीट महज डिप्रेशन है तथा इसे कांग्रेस सरकार व कुछ मंत्रियों के खिलाफ हताशा के चलते तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास लोगों के समक्ष जाने के लिए और कोई मुद्दा भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी के विरुद्ध कोई अपमानजनक मुद्दे पाए जाते हैं, तो भाजपा कानूनी परिणामों के लिए उत्तरदायी होगी। 

स्टोक्स, कौल व पठानिया ने नकारे आरोप
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर तथा कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने भी चार्जशीट को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि सभी आरोप बेबुनियादी हैं, जो लोगों को गुमराह करने के लिए लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस चार्जशीट का स्थान राजभवन नहीं बल्कि कूड़ेदान में है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के खिलाफ  लगाए गए सभी आरोप आरोप तथ्यों के विपरीत हैं, जिनका कोई भी प्रमाण नहीं है। 

मंत्रियों पर लगाए आरोप मिथ्या
मंत्रियों ने कहा कि भाजपा चार्जशीट में मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों पर लगाए गए आरोप मिथ्या हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के भाजपा नेता पिछले कुछ महीनों से चार्जशीट को लेकर काफ ी हो-हल्ला कर रहे थे लेकिन यह एक निरर्थक अभ्यास साबित हुआ है क्योंकि इसमें कोई भी ठोस प्रमाण दिखाई नहीं दे रहा है। वास्तविकता यह है कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के विरुद्ध भाजपा के पास कहने को कुछ भी नहीं है।

किए वायदों से बढ़कर काम कर दिखाया
प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने कहा कि राज्य सरकार ने न केवल कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में लोगों से किए गए वायदों को पूरा किया है बल्कि इससे हटकर भी अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर पिछले 4 वर्षों के दौरान विकास के क्षेत्र में अनेक मील के पत्थर स्थापित किए हैं। भाजपा नेता राज्य सरकार की लोकप्रियता, जिसमें राज्य के लोगों का पूर्ण विश्वास है, से हताश हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी विपक्ष की सुर्खियों में बने रहने के लिए बिना मुद्दों के दोष ढूंढने की उनकी आदत है। 

ठोस सबूत है लोकायुक्त में दें चुनौती
भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया में मंत्रियों ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरैंस की नीति अपना रही है। यदि भाजपा नेताओं के पास सरकार के विरुद्ध भ्रष्टाचार का कोई ठोस सबूत है तो उन्हें लोकायुक्त में जाना चाहिए वरना झूठे आरोपों के लिए राज्य के लोगों से माफ ी मांगनी चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं को याद दिलवाया कि धूमल सरकार के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार तथा भाई-भतीजावाद चरम पर था और चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए अनेकों गंभीर अनियमितताएं अपनाई गईं थीं। 

वीरभद्र को मानते हैं मुख्य राजनीतिक विरोधी
विद्या स्टोक्स, कौल सिंह ठाकुर तथा सुजान सिंह पठानिया ने कहा कि भाजपा हमेशा ही वीरभद्र सिंह को अपना मुख्य राजनीतिक विरोधी मानती रही है और यही कारण है कि भाजपा नेता हमेशा ही उनके विरुद्ध बेबुनियाद आरोप लगाते आए हैं। उन्होंने कहा कि अब एक वर्ष के उपरांत विधानसभा के चुनाव होने हैं, वे पुन: सरकार के विरुद्ध झूठे प्रचार की नीति को अपना रहे हैं। भाजपा के नेता अपने घटिया मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News