CM का ऑफिस माफिया राज की जद में : धूमल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 22, 2017 - 10:36 PM (IST)

धर्मशाला: धर्मशाला में माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ अभियान के तहत बुधवार को भाजपा की हुई 11वीं रैली में भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस पर कड़े प्रहार करते हुए आरोपों की झड़ी लगा दी। रैली में लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार माफिया राज की सरकार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि माफिया राज कांग्रेस कार्यकाल से आरंभ हुआ है। धूमल ने कहा कि इस समय में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, समाज विरोधी शक्तियों द्वारा लोगों को लूटना और कानून के रखवालों को उनका काम न करने देना यह माफिया राज है। खुद सी.एम. के ऑफिस में माफिया राज चल रहा है, इस पर कर्मचारी आवाज उठाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाती है। 

हिमाचल में तबादला माफिया भी सक्रिय 
धूमल ने आरोप लगाया कि हिमाचल में तबादला माफिया भी सक्रिय है तथा 20 से 25 हजार रुपए में तबादले किए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब में एक महिला खुद को सी.एम. का रिश्तेदार बनाकर इस कार्य में जुटी हुई है। ड्रग माफिया भी प्रदेश में फल-फूल रहा है। यमुना की खुदाई कर रेत को उत्तराखंड भेजा जा रहा है जोकि माफिया राज है। उन्होंने कहा कि शराब ठेकों से हजारों लोगों को रोजगार मिलता था लेकिन सरकार ने कार्पोरेशन बना दी। अब एक कंपनी प्रदेश में शराब कारोबार कर रही है। धूमल ने पूछा कि जनता जानना चाहती है कि सरकार के कितने लोगों का इस कंपनी में शेयर है।

धूमल ने कसा तंज
धूमल ने तंज कसते हुए कहा कि पिछले दिनों वह जिला कांगड़ा के रानीताल से गुजर रहे थे तो एक जगह प्राइमरी स्कूल का बोर्ड लगाया था लेकिन कुछ दिनों बाद वहां से गुजरे तो वहां कालेज का बोर्ड लगा था। इसी तरह रक्कड़ में भी किया गया है। रक्कड़ कालेज के लिए एक लाख रुपए दिए गए हैं, वे भी फतेहपुर ब्लाक में भेज दिए गए जबकि रक्कड़ देहरा उपमंडल में पड़ता है।

कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर नोटबंदी का प्रहार
सांसद शांता कुमार ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर नोटबंदी ने प्रहार किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए विकास पहिए पर प्रदेश सरकार अड़चन पैदा कर रही है। चम्बा में सीमैंट फैक्टरी लगाने के लिए बार-बार प्रदेश सरकार से कहा जा रहा है लेकिन प्रदेश सरकार नहीं चाहती कि प्रदेश का विकास हो। अगर प्रदेश सरकार सीमैंट फैक्टरी के निर्माण में सकारात्मक रुख अपनाती है तो केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता दिलवाने के लिए भी कहा जाएगा। देश की प्रबुद्ध जनता ने दिल्ली बदल दी है, अब हिमाचल की जनता को शिमला को बदलना होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News