नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज, एक गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 26, 2017 - 09:32 PM (IST)

इंदौरा (आशीष शर्मा): इंदौरा पुलिस थाना में क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। इस संदर्भ में थाना में नाबालिगा की मां ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पीड़िता की मां ने बताया कि 19 अप्रैल को अपने घर से किसी कार्य के लिए इंदौरा के बाजार में गई हुई थी। शाम को घर पर पहुंचने पर देखा तो उसकी बेटी घर से लापता थी। इस दौरान घर पर आई हुई भांजी ने बताया कि उसकी बेटी को कोई लड़का मिलने आया था और उसे अपने साथ कहीं ले गया है। 

लड़की के घर फोन कर युवक ने दी जानकारी
जब आसपास और रिश्तेदारों के घर पर दोनों की तलाश की गई तो कहीं भी उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद शिकायतकर्ता के घर पर आरोपी युवक निवासी नादौन तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा ने फोन किया कि उसकी बेटी उसके साथ है और पुलिस के पास शिकायत दर्ज न करवाने बारे कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इंदौरा पुलिस थाना में आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी अलमारी से सोने के जेवरात और करीब 70 हजार रुपए की राशि भी वे साथ ले गए। 

होटल से बरामद किए युवक और नाबालिग लड़की 
शिकायत मिलते ही इंदौरा पुलिस ने युवक व नाबालिग लड़की को डमटाल के किसी निजी होटल से बरामद कर लिया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर इंदौरा पुलिस थाना लाया गया और नाबालिग लड़की का मैडीकल करवा कर उसे मां के हवाले कर दिया है। एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ आई.पी.सी. धारा 363/366/376 और पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा पीड़ित लड़की के बयान मैजिस्ट्रेट के सामने करवाए गए हैं। मामले में अगली कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News