बिंदल ने साधा निशाना, कहा-चुनाव नजदीक आते देख ढल रहे CM के बोल

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 12:21 AM (IST)

शिमला/सोलन: हिमचल प्रदेश भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान लगातार बदलते जा रहे हैं जिससे लगता है कि विधानसभा चुनाव के पास आते-आते मुख्यमंत्री के बोल भी ढलते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिन वीरभद्र ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री बनूं या न बनूं, सरकार कांग्रेस की ही रिपीट करेगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र के ये बदलते बोल अंदरखाते बहुत कुछ कहते हैं। जिस तरह के बयान सत्ता पक्ष के नेताओं की तरफ से आ रहे हैं, उससे लगता है कि कांग्रेस पार्टी व सरकार ने अपनी हार चुनाव से पहले ही मान ली है और यह संकेत दे दिया है कि सरकार भाजपा की बनने वाली है।

कांग्रेस प्रभारी के आने के बाद सुखद महसूस कर रहे सुक्खू
उन्होंने कहा कि सी.एम. की पकड़ प्रदेश कांग्रेस और पार्टी हाईकमान में कमजोर पड़ गई है तथा इसी मजबूरी में उन्होंने बीते दिन कमजोरी भरी बयानबाजी की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार कांग्र्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जुबानी हमले करते रहे, उन्हें नोमिनेटिड अध्यक्ष की संज्ञा देते रहे और उन्हें बदला जाए यह बात जोर-शोर से कहते रहे लेकिन नए प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के यहां आने के बाद सुक्खू सुखद महसूस कर रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री की आवाज कमजोर पड़ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुटों में बंटी नजर आ रही है और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

पापा-काका की सरकार अब चलने को तैयार 
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पापा और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह काका की सरकार अब चलने को तैयार है। सत्ता सुख से वंचित होने के खौफ  से मुख्यमंत्री और उनके बेटे अनाप-शनाप बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि रिटायर और टायर्ड लोगों की सरकार को प्रदेश की जनता दोबारा कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। वीरभद्र सरकार लोगों के जीवन के लिए खतरा साबित हुई है। प्रदेश में बहू-बेटियों की आबरू दांव पर लगी है। कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। इसके बावजूद सरकार और संगठन आपस में भिड़ रहे हंै।  

ख्यमंत्री और उनके बेटे के खिलाफ बगावत के संकेत
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री और उनके बेटे के खिलाफ बड़ी बगावत के संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पुत्र को स्थापित करने के लिए पूरी सरकार व पार्टी को दांव पर लगा दिया है जिससे पार्टी के कई नेता बगावत पर उतर गए हैं। मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों पर निशाना साध रहे हंै तो मंत्री मुख्यमंत्री पर। लड़ाई अब सड़कों पर है। उन्हांने कहा कि ऐसे लोग केवल सत्ता के लिए लड़ सकते हंै, प्रदेश के लिए नहीं। सरकार और संगठन की लड़ाई ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News